मथुरा। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा 16 और 17 नवंबर को मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक आयोजित कर रही है। इसमें पार्टी के करीब 40 वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर मंथन किया जाएगा।
यह बैठक मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में आयोजित होगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश सरकार और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी दोनों दिन मौजूद रहेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 नवंबर को बैठक में शामिल होंगे।
योगी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी सीएम होंगे शामिल
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष शामिल होंगे। इसके अलावा सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के प्रभारी और प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य भी बैठक में हिस्सा लेंगे।
करीब चार दर्जन वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में चुनावी चुनौतियों, राजनीतिक समीकरणों और संगठन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी।
अयोध्या-काशी के बाद मथुरा पर भाजपा का फोकस
बैठक के लिए मथुरा का चयन राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के बाद अब भाजपा ब्रजभूमि को अपनी प्राथमिकताओं के केंद्र में रख रही है।
पार्टी भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी वैचारिक और संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक महत्व को देखते हुए इस बैठक को अहम माना जा रहा है।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की बनेगी रणनीति
दो दिवसीय बैठक में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, पन्ना प्रमुखों की भूमिका की समीक्षा करने और शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने पर चर्चा होगी।
इसके साथ ही नए मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति तैयार की जाएगी। चुनाव से पहले मतदाताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और निष्क्रिय संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करने पर भी जोर रहेगा।
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचेगी पार्टी
बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं के समाधान में संगठन की भूमिका की समीक्षा होगी।
इसके अलावा सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, बदलते जातीय एवं सामाजिक समीकरणों, विपक्ष की संभावित रणनीति और सहयोगी दलों के साथ समन्वय जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने पर भी होगा मंथन
चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी और संगठन के भीतर असंतोष को दूर करना भी बैठक के प्रमुख विषयों में शामिल हो सकता है। भाजपा नेतृत्व का प्रयास रहेगा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी तरह सक्रिय किया जाए।
दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक को भाजपा की 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व यहां से प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे की रणनीति तय करेगा।
