विधवा भाभी के जरिए प्रधान पर परिवार को प्रताड़ित करवाने का आरोप

 विधवा भाभी के जरिए प्रधान पर परिवार को प्रताड़ित करवाने का आरोप
– उन्नीस साल पहले भाई की मौत के बाद से मायके में रह रही थी भाभी
– अब प्रधान की शह पर जायदाद में मांग रही हिस्सा, परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
फोटो परिचय- कलेक्ट्रेट में न्याय की आस में खड़ा पीड़ित परिवार।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। उन्नीस साल पहले भाई की मौत के बाद से अपने मायके में रह रही भाभी अब प्रधान की शह पर ससुराल में हिस्सा लेने की जिद पर अड़ी है जबकि जायदाद का बटवारा पहले ही हो चुका है। ऐसे हालातों में परेशान पीड़ित परिवार अब न्याय की आस में कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर दरवाजे पर बैठी भाभी को हटवाकर प्रधान व भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।

खखरेरू थाना क्षेत्र के ग्राम मुबारकपुर गेरिया गांव के रहने वाले अजय कुमार पाल पुत्र अमरनाथ पाल सोमवार को अपने परिवारीजनों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां डीएम को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसके भाई राजकुमार की मौत वर्ष 2007 में हो गई थी। तब से भाई की पत्नी अल्पा देवी मायके ग्राम टीकरडीह, थाना कोखराज जनपद कौशाम्बी में रह रही थी। प्रधान नरेन्द्र कुमार की साजिश के तहत वह पांच सितंबर को अपनी बेटी स्मृति पाल के साथ आई ससुर से अपनी जमीन का हिस्सा मांग रही है। बताया कि वह जमीन उसे नाना से मिली थी। जिसमें वर्ष 2020 से वह मकान बनवाकर रह रहा है। उसकी मकान के सामने भाभी अल्पा देवी व भतीजी धरना देकर बैठी हैं। परिवार के लोगों के साथ माता-पिता को गाली-गलौज कर रही हैं। जिससे आजिज आकर वह अपने माता-पिता व परिवार के साथ दूसरे भाईयों के घर पर शरण लिए है। उसके मकान पर ताला लगा है। बताया कि थाना प्रभारी को सूचना दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे महिला के हौसले बुलंद हैं। प्रधान पर आरोप लगाया कि वह महिला को शह दिए हैं और खुलेआम कर रहे हैं कि वह उसका हिस्सा दिलवाकर ही दम लेंगे। 27 सितंबर को प्रधान आया और गाली-गलौज करने लगा। प्रधान लगातार उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से भाभी व भतीजी को दरवाजे से हटवाकर भाभी व प्रधान के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करवाकर न्याय दिलाए जाने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *