आवास योजना में वसूली का आरोप, राज्यमंत्री से शिकायत
आवास योजना में वसूली का आरोप, राज्यमंत्री से शिकायत
आवास योजना में वसूली का आरोप, राज्यमंत्री से शिकायत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। क्षेत्र के आलमपुर गिरिया गांव में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद कथित रूप से 55 हजार रुपए वसूले जाने व धमकी देने का मामला सामने आया है। गांव निवासी विधवा महिला आराधना देवी ने मामले की शिकायत प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं खागा विधायक कृष्णा पासवान से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में महिला ने ग्राम प्रधानपति राकेश कुमार व ग्राम पंचायत अधिकारी सुशील कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत पत्र के मुताबिक आराधना देवी का मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत हुआ था और योजना की कुल 1.10 लाख रुपये की धनराशि उसके खाते में पहुंच चुकी है। महिला का आरोप है कि आवास स्वीकृत होने से पहले ग्राम प्रधानपति ने 25 हजार रुपये तथा पहली किस्त खाते में आने के बाद पंचायत सचिव के साथ मिलकर 30 हजार रुपये कथित रूप से लिए। महिला का दावा है कि रकम लेने के बाद उसे आवास का निर्माण नहीं कराने की बात कही गई। शिकायतकर्ता के अनुसार करीब तीन माह बाद आवास का निर्माण न कराने को लेकर दोनों की ओर से उसे जेल भेजने तथा मायके पहुंचकर बेइज्जती करने की धमकी दी जा रही है। इससे महिला भयभीत है और उसने अपनी सुरक्षा की भी मांग की है। आराधना देवी ने राज्यमंत्री से कथित रूप से लिए गए 55 हजार रुपये वापस दिलाने, ग्राम प्रधान पति व पंचायत सचिव के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने व सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। ———————————————–
कल्लूमियां का पुरवा गांव पहुंची राजस्व टीम, लिया जायजा – नाली की जगह पर अतिक्रमण की ग्रामीणों ने दर्ज कराई थी शिकायत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। ऐरायां विकास खंड के मंडवा गांव के मजरे कल्लूमियां का पुरवा में बारिश के पानी की निकासी बाधित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि एक व्यक्ति द्वारा रास्ते व नाली की जगह पर कथित अतिक्रमण किए जाने से बारिश का पानी रुक गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को नायब तहसीलदार ऐरायां प्रतिमा द्विवेदी राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
नायब तहसीलदार ने मौके की स्थिति का जायजा लेकर संबंधित लोगों को सार्वजनिक रास्ते व जलनिकासी व्यवस्था में बाधा न डालने की सख्त हिदायत दी। इसके बाद राजस्व व पुलिस टीम की मौजूदगी में नाली की खुदाई कराकर बारिश के रुके पानी की निकासी शुरू कराई गई। जलनिकासी का रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। नायब तहसीलदार ने कहा कि सार्वजनिक रास्ते अथवा जलनिकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। राजस्व टीम की कार्रवाई से मौके पर जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान हो गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक राजकुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक हरिराम यादव, हल्का लेखपाल उमेंद्र कुमार मौर्य, कांस्टेबल दीपक कुमार, बिकेश कुमार, इंद्रवीर सिंह, महिला कांस्टेबल अंजली यादव, निकेता शर्मा, स्वाती साहू, रोजगार सेवक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।