युवक को घेरकर पीटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार,अन्य लघु ख़बरों के साथ

    युवक को घेरकर पीटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड व बेल्ट बरामद
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में युवक को बहाने से सुनसान स्थान पर ले जाकर लोहे की रॉड, लाठी-डंडों व बेल्ट से बेरहमी से पीटने के मामले में कल्यानपुर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक उमरेड़ी बड़ौरी गांव निवासी विक्रम उर्फ बीनू ने 11 सितंबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि दस सितंबर की शाम करीब सात बजे वह मुरादीपुर चौराहे पर अन्ना की दुकान में अपनी मोटरसाइकिल ठीक करा रहा था। इसी दौरान उसका साथी रोहित पटेल वहां पहुंचा। आरोप है कि तभी हरदौली गांव निवासी नागेश पटेल अपने भतीजे मेघावत पटेल के साथ बोलेरो से वहां आया और घूमने के बहाने विक्रम व रोहित को वाहन में बैठा लिया। दोनों को जयराम नगर स्थित सुनसान स्थान पर बनी एक मड़ही में ले जाया गया। वहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर विक्रम को वाहन से नीचे उतारकर लोहे की रॉड, लाठी-डंडे और बेल्ट से जमकर पीटा गया। हमले में उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने दबिश देकर नागेश पटेल पुत्र भीखम पटेल, मेघावत पटेल पुत्र स्व. विश्वरूप पटेल निवासीगण हरदौली थाना बिंदकी, रवि चौहान पुत्र कल्लू चौहान निवासी डाक बंगला चौराहा जीटी रोड थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड व एक बेल्ट बरामद की है। इसके अलावा जामा तलाशी में तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार, अजीत सिंह, रिजर्व कांस्टेबल अंकित दुबे, हर्ष मिश्रा, शिवप्रकाश पाल व साहिल मौर्य शामिल रहे।
——————————————- 
   पेड़ काटने का विरोध करने पर दी धमकी
– पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के रारी बुजुर्ग गांव निवासी स्व0 जुल्फिकार की पत्नी महरून निशा ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यू मांगलिक को शिकायती पत्र देते हुए गांव के ही अनवर पुत्र इसरार एवं असगर पुत्र अनवर आरोप लगाते हुए बताया कि 11 सितम्बर की दोपहर दोनों ने उसके खेत में खड़े नीम पेड़ को जबरन काट लिया। विरोध करने पर दोनो भाईयों ने गाली गलौज करते हुये जान से मारने की धमकी दे दी। पीडिता ने बताया कि अपने 25 आम के पेडो को काटा साथ ही उसके नीम के पेड़ को भी काट दिया। जिस पर उसने पीआरवी 112 डायल किया। मौके पर आयी पुलिस ने पहले तो भाईयों को धमकाया बाद में सांठगांठ कर मामले को रफा दफा कर दिया। प्रार्थिनी ने प्रार्थना पत्र देकर पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करने की गुहार लगायी है। विधवा महिला ने यह भी बताया कि दोनो भाई अपराधी प्रवत्ति के है। मारने पीटने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी देते है।
—————————————— 
 कार्रवाई न होने पर एसपी से लगाई गुंहार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र कटोघन गांव निवासी स्व0 जगदीश मिश्रा पुत्र राधेश्याम मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देते हुये बताया कि विगत सात अगस्त को उसका छोटा भाई सुनील कुमार मिश्रा पैदल जा रहा था। तभी तेज रफ्तार बुलट सवार ने उसके भाई को टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और 12 अगस्त को उसकी मृत्यु हो गयी थी। पीड़ित ने बताया कि थाने में अज्ञात वाहन के नाम पर एफआईआर दर्ज हुयी थी। कुछ दिन के बाद उसके जानने वाले आशीष कुमार शुक्ला पुत्र अशोक कुमार निवासी आलमपुर गेरिया थाना खखरेरू ने बताया घटना उसके सामने हुयी थी। बुलट का नम्बर यूपी 71 बीएम 9173 ने टक्कर मार थी। उनका कहना है कि पुलिस को गाडी नम्बर दिया जिस पर गाडी व मालिक थाने बुलाया गया और कुछ देर बाद सांठगांठ करने के बाद गाडी व मालिक को छोड दिया। पीडित ने पुलिस अधीक्षक से कानूनी कार्यवाही करने की गुहार लगायी है।
——————————————- 
  नदी में डूबकर किशोर की मौत, शव बरामद
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के नोन नदी में मवेशी चराने गए 15 वर्षीय किशोर अचानक फिसलकर नदी में गिर गया। जिसका शव शनिवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार थाने के केवटरा गांव निवासी रामकिशुन का पुत्र अंकित शुक्रवार की दोपहर मवेशी चराने गया था। तभी नोन नदी के पास जानवर चराते समय अचानक पैर फिसल जाने से गहरे पानी में गिर गया। काफी देर बीत जाने पर जब वह घर वापस नही आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी लेकिन उसका सुराग न लगा। आज सुबह घटनास्थल से कुछ दूर किशोर का शव नदी में उतराता दिखाई दिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाल विच्छेदन गृह भेज दिया।
—————————————– 
मानसिक तनाव में अधेड़ ने लगाई फांसी, मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के ग्राम इनायतपुर मजरे अढ़ैया में मानसिक तनाव के चलते 50 वर्षीय अधेड़ ने गांव के बाहर पेड़ से फासी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार इनायतपुर मजरे अढ़ैया गांव निवासी स्व. इन्द्रपाल का पुत्र कालिका प्रसाद काफी समय से मानसिक तनाव में था। बताते हैं कि शुक्रवार की दोपहर वह घर से निकला और गांव के बाहर महुए के पेड़ में रस्सी का फंदा डाल फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। आज सुबह उसका ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद करते हुए विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के साले अभिषेक ने दी है।
——————————————- 
 संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवलान में संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की मां ने दामाद व ससुरालीजनों पर मार-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार देवलान गांव निवासी अनिल तिवारी की पत्नी पूनम तिवारी की शुक्रवार की शाम अचानक मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका की मां विश्वकली पत्नी स्व0 रामप्रसाद निवासी रावतपुर बैजानी थाना मलवां ने बताया कि शादी के दस साल हो जाने के बावजूद दामाद आए दिन उसकी पुत्री को मारता-पीटता था। कभी बीस व कभी तीस हजार रूपए की डिमांड करता था। ग्यारह सितंबर की शाम दामाद ने उसकी पुत्री को लात-जूतों से बुरी तरह पीट दिया। जिससे अंदरूनी चोट आने के कारण पुत्री की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *