कन्या विवाह सहायता योजना की राशि में गड़बड़ी का आरोप,विभाग से की शिकायत
कन्या विवाह सहायता योजना की राशि में गड़बड़ी का आरोप,विभाग से की शिकायत
कन्या विवाह सहायता योजना की राशि में गड़बड़ी का आरोप
– महिला ने श्रम विभाग से की शिकायत
– बैंक से निकाले गये आधे से ज्यादा रूपये हड़पने का आरोप
ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया बांदा– सरकार द्वारा गरीबों और मजदूरों के कल्याण के लिए चलायी जा रही योजनाएं लगातार बिचौलियों की दलाली की भेंट चढ़ती जा रही है। ऐसा ही एक मामला श्रम विभाग से जुड़ा सामने आया है। जिसमें बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरी खेरवा ओरन निवासी एक महिला ने कन्या विवाह सहायता योजना की धनराशि में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए श्रम विभाग के अधिकारियों से शिकायत की है। महिला ने अपनी शिकायत में 26,500 रुपये वापस दिलाने और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कैलासिया पत्नी राजा निवासी ग्राम पिपरी खैरवा ओरन बिसण्डा द्वारा की गयी शिकायत के अनुसार महिला श्रम विभाग में पंजीकृत महिला मजदूर है। उसने अपनी पुत्री के विवाह के लिए 15 सितंबर 2021 को कन्या विवाह सहायता योजना के तहत आनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के दौरान उससे 1,500 रुपये लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। महिला के मुताबिक 13 जुलाई 2026 को उसके बैंक खाते में 55,000 रुपये की सहायता राशि भेजी गई। महिला का आरोप है कि 16 जुलाई 2026 को यूनियन बैंक की शाखा से रुपये निकालने के दौरान 49,000 रुपये का विड्राल फार्म भरवाकर उससे अंगूठा लगवाया गया और पूरी रकम ले ली गई। इसके बाद घर पहुंचने पर उसे कथित तौर पर केवल 22,500 रुपये दिए गए और शेष 26,500 रुपये श्रम विभाग के अधिकारियों को देने की बात कही गई। महिला ने शिकायत में कहा है कि जब उसने उक्त रकम के संबंध में जानकारी मांगी तो उसे कथित रूप से धमकी दी गई। उसने स्वयं को ईंट-भट्ठे में मजदूरी करने वाली असहाय महिला बताते हुए अधिकारियों से मामले की जांच कराने की गुहार लगाई है। पीड़िता ने 26,500 रुपये वापस दिलाने के साथ ही संबंधित व्यक्ति और कथित रूप से संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ श्रमिक पंजीयन कार्ड, बैंक पासबुक और आधार कार्ड की छायाप्रति भी संलग्न की गई है।