जलधारा के बीच हैवी मशीनों से मौरंग खनन का आरोप, नियमों की अनदेखी पर उठे सवाल

    जालौन में नदी की जलधारा के बीच हैवी मशीनों से मौरंग खनन का आरोप, नियमों की अनदेखी पर उठे सवाल

बंधौली खंड संख्या-5 में नदी की धारा से छेड़छाड़ कर खनन किए जाने की शिकायत, खनिज विभाग और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर उठीं उंगलियां

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन/उरई। जनपद में मौरंग खनन को लेकर एक बार फिर नियमों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उरई तहसील के बंधौली खंड संख्या-5 में कथित तौर पर भारी मशीनों के जरिए नदी की जलधारा के भीतर से मौरंग निकाले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खनन के लिए नदी की प्राकृतिक जलधारा में बदलाव करते हुए नियमों की अनदेखी की जा रही है। स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे आरोपों के मुताबिक, खनन कार्य में हैवी वेट मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। नदी के बहाव क्षेत्र में मशीनों के जरिए रास्ता बनाकर मौरंग निकाले जाने की बात कही जा रही है। यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है तो यह नदी के प्राकृतिक प्रवाह और पर्यावरण के लिए गंभीर चिंता का विषय हो सकता है। इस पूरे मामले ने खनिज विभाग की निगरानी और प्रशासनिक मॉनिटरिंग पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि खनन पट्टे की शर्तों के तहत नदी की जलधारा में इस प्रकार की गतिविधियों की अनुमति है या नहीं? यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो अब तक संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्षेत्र में हो रहे खनन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए संबंधित अधिकारियों से मौके पर स्थलीय निरीक्षण कराने, इस्तेमाल की जा रही मशीनों और खनन की प्रक्रिया की जांच करने की मांग उठ रही है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और खनिज विभाग बंधौली खंड संख्या-5 में उठे इन आरोपों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और जांच के बाद क्या कार्रवाई करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *