उधार गुटखा देने से इनकार पर दुकानदार के परिवार पर हमला, पति का पैर टूटा

    उधार गुटखा देने से इनकार पर दुकानदार के परिवार पर हमला, पति का पैर टूटा

शराब के नशे में साथियों के साथ मारपीट करने का आरोप, बीच-बचाव करने पहुंची महिला की मां भी घायल; मंगलसूत्र छीनने की शिकायत, वीडियो वायरल

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। जिले के कदौरा थाना क्षेत्र के शहादतपुर रोगी गांव में उधार गुटखा देने से इनकार करना एक दुकानदार परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर शराब के नशे में धुत एक युवक अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और महिला दुकानदार व उसके परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में महिला के पति का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि बीच-बचाव करने आई उसकी मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के मुताबिक, गांव में महिला दुकान संचालित करती है। आरोप है कि एक युवक दुकान पर गुटखा लेने पहुंचा था। उधार सामान देने से मना करने पर वह नाराज हो गया और कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ वापस आकर परिवार पर हमला कर दिया। अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने महिला और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान महिला के पति को गंभीर चोटें आईं और उसका पैर टूट गया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची महिला की मां भी हमले में घायल हो गईं। पीड़ित परिवार ने मारपीट के दौरान मंगलसूत्र छीनने का आरोप भी लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि के संबंध में जानकारी सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *