नई दिल्ली। अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी का असर लगातार तीसरे दिन भी देखने को मिला। देशभर में उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। संघीय विमानन प्रशासन (FAA) के प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने उम्मीद जताई है कि सोमवार तक हवाई परिचालन सामान्य हो सकेगा।
शनिवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल की संचार व्यवस्था में तकनीकी गड़बड़ी आने के बाद पूरे देश में विमानों की उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी। इसके बाद से एयरलाइंस लगातार परिचालन को सामान्य करने में जुटी हुई हैं।
दो दिनों में हजारों उड़ानें रद और प्रभावित
रॉयटर्स के अनुसार, विमानन वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार रात तक अमेरिका में करीब 9,000 उड़ानें रद करनी पड़ीं, जबकि 8,000 से अधिक उड़ानें देरी से रवाना हुईं।
रविवार को भी स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ। इस दिन करीब 9,200 उड़ानें रद हुईं और 7,500 से अधिक उड़ानें प्रभावित रहीं। एफएए ने शनिवार को लगभग पांच घंटे तक देशभर में विमानों की उड़ानों पर रोक लगाई थी।
11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह हवाई यातायात पर लगाई गई सबसे लंबी देशव्यापी रोक की घटनाओं में से एक थी। इस संकट के कारण 15 लाख से अधिक यात्री अलग-अलग स्थानों पर फंस गए। देशभर के हवाई अड्डों पर एक साथ 69 राउटरों ने काम करना बंद कर दिया था। उस समय करीब 3,500 विमान आसमान में थे।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सीरियम के हवाले से बताया कि शनिवार को उड़ानें दोबारा शुरू होने के बाद महज 14 मिनट में 90 प्रतिशत विमान अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। हालांकि, जिन उड़ानों को रद कर दिया गया था, उनके यात्रियों की परेशानी बनी रही। जॉर्जिया, टेक्सास, फीनिक्स और फिलाडेल्फिया में सबसे ज्यादा दिक्कतें देखने को मिलीं।
एयर ट्रैफिक सिस्टम पर दोहरी मार
अमेरिका का हवाई यातायात नियंत्रण तंत्र पहले से ही एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की भारी कमी से जूझ रहा है। इसके साथ पुरानी तकनीक ने संकट को और गंभीर बना दिया।
परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि एफएए के ठेकेदार एल3हैरिस की ओर से एक दूरस्थ संचार केंद्र में नया राउटर लगाने के दौरान तकनीकी समस्या पैदा हुई। इसके कारण हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों के रडार और संचार तंत्र में अस्थिरता आ गई। राउटर में आई खराबी के कारण अन्य केंद्रों पर भी डेटा का दबाव बढ़ गया।
डफी के मुताबिक, हर चार से पांच सेकंड में एक हजार से अधिक कनेक्शन स्थापित करने की कोशिशें हो रही थीं। इससे विमानों के साथ संपर्क बनाए रखने में परेशानी आई। एफएए के कुल 22 में से 17 उड़ान नियंत्रण केंद्र इस समस्या से प्रभावित हुए।
एयरलाइंस ने यात्रियों को दी राहत
तकनीकी खराबी के कारण प्रमुख अमेरिकी एयरलाइंस का परिचालन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। डेल्टा, यूनाइटेड और अमेरिकन एयरलाइंस ने शनिवार को अपनी लगभग 25 प्रतिशत उड़ानें रद कीं, जबकि जेटब्लू ने करीब 45 प्रतिशत उड़ानें रद कर दीं।
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एयरलाइंस ने उन्हें बिना अतिरिक्त शुल्क के बाद की तारीखों में टिकट दोबारा बुक कराने की सुविधा दी है। वहीं, एफएए ने भविष्य में इस तरह की तकनीकी गड़बड़ी रोकने के लिए अतिरिक्त परीक्षण भी शुरू कर दिए हैं।
ट्रंप ने बाइडेन प्रशासन पर साधा निशाना
हवाई यातायात संकट के बाद राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अमेरिकी संसद से हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए 50 अरब डॉलर की मांग की।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका दुनिया की सबसे बेहतरीन हवाई यातायात प्रणाली तैयार करेगा, जो मौजूदा 50 साल पुरानी व्यवस्था की जगह लेगी और अधिक तेज व प्रभावी तरीके से काम करेगी।
उन्होंने मौजूदा बदहाली के लिए पिछली डेमोक्रेटिक पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, एफएए के अनुसार बाइडेन प्रशासन ने हवाई अड्डों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावरों में सुधार के लिए 25 अरब डॉलर जारी किए थे।
इस तकनीकी संकट ने अमेरिका की पुरानी हवाई यातायात व्यवस्था और उसमें आधुनिकीकरण की जरूरत को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
