जिले में 12 अगस्त से दो माह तक चलेगा एड्स जागरूकता अभियान

 जिले में 12 अगस्त से दो माह तक चलेगा एड्स जागरूकता अभियान
– डीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए दिशा-निर्देश
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद में आगामी 12 अगस्त से शुरू होने वाले दो माह के एचआईवी/एड्स सघन जागरूकता अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की कार्ययोजना, विभिन्न विभागों की भूमिका तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी लखनऊ के निर्देशानुसार 12 अगस्त से जनपद में विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और पूर्व निर्धारित कार्य योजना के अनुसार कार्यक्रमों का संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि दो माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, जांच, उपचार, जागरूकता तथा भ्रांतियों के निवारण के बारे में व्यापक जानकारी दी जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर इस बीमारी की रोकथाम में सहभागी बन सकें। बैठक में बताया गया कि विशेष जागरूकता अभियान तेलियानी, बहुआ, हसवां, हथगांव और भिटौरा विकास खंडों के साथ-साथ शहरी क्षेत्र में संचालित किया जाएगा। इन क्षेत्रों में विभिन्न विभागों और राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (एनएसीपी) से जुड़ी स्वास्थ्य इकाइयों के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
—————————————— 
  जहरीले सर्प ने महिला को डसा, मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के ग्राम अंदमऊ में मंगलवार की रात घर में सो रही 30 वर्षीय महिला को जहरीले सर्प ने डस लिया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार अंदमऊ गांव निवासी विष्णु की पत्नी मोनी देवी घर में सो रही थी। तभी अर्द्धरात्रि घर में घुसे सर्प ने डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो उसे तत्काल उपचार के लिए खखरेरू सीएचसी ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
—————————————– 
युवक ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गौहरारी में मंगलवार की देर शाम 28 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार गौहरारी गांव निवासी मोहन प्रजापति का पुत्र राम सिंह प्रजापति ने मंगलवार की शाम घर के बाहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के पिता ने बताया कि उसका पुत्र शराब पीने का आदी था। काफी मना किया लेकिन नहीं मानता था। इसी के चलते उसने फांसी लगाकर जान दे दी।
—————————————- 
   ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिन्दकी कंसपुर रेलवे स्टेशन के बीच मंगलवार की शाम ट्रेन से गिरकर 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को विच्छेदन के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार बिहार प्रांत के जिला मधुबनी थाना होगडिया गांव चकना निवासी गंगा प्रसाद का पुत्र राधे ठाकुर दिल्ली में नौकरी करता था। बताते हैं कि वह बिहार से दिल्ली जा रहा था। इसी बीच वह बिन्दकी-कंसपुर रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भाई अमरजीत ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *