आशा संगिनियों ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

 आशा संगिनियों ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अजरा न्यूज़  बबेरू/  बांदा। आशा संगिनियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय कुमार व लखनऊ से आये विशेष सचिव अरुण प्रकाश को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2014 में आशा से पदोन्नत होकर आशा संगिनी का चयन किया गया था। तब से वह पूरी लगन और निष्ठा के साथ स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का अभी तक उचित समाधान नहीं हुआ है।

आशा संगिनियों ने मांग की कि महीने में 24 दिनों के कार्य के बजाय 30 दिनों का मानदेय दिया जाए। 40 किलोमीटर तक भ्रमण कर सुपरविजन करने पर वर्तमान में मिलने वाले भुगतान को बढ़ाकर 700 रुपये प्रति विजिट किया जाए, अथवा भ्रमण के लिए वाहन की व्यवस्था की जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत होने के कारण 20 प्रतिशत वार्षिक मानदेय वृद्धि करने की मांग की गई।
ज्ञापन में खराब हो चुके मोबाइल फोन के स्थान पर नए मोबाइल उपलब्ध कराने, बिना कारण भुगतान में कटौती न करने तथा किसी प्रकार की कटौती होने पर संबंधित संगिनी को लिखित सूचना देने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा किसी आशा संगिनी की मृत्यु होने पर उसके आश्रित को नौकरी और 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। आशा संगिनियों ने आशा बहुओं को केंद्रीय कर्मचारी का दर्जा देने तथा किस्तों में मिलने वाले भुगतान के स्थान पर एकमुश्त मानदेय दिए जाने की मांग की। उन्होंने शासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई की मांग किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *