हमलावरों ने महिला समेत पुत्री को पीटा, अन्य लघु खबरों के साथ
हमलावरों ने महिला समेत पुत्री को पीटा, अन्य लघु खबरों के साथ
सीएम युवा स्वरोजगार योजना में करें आवेदन एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के बेरोजगार एवं स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित करने हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र ने पात्र युवाओं से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना का लाभ 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवाओं को मिलेगा, जिन्होंने कम से कम हाईस्कूल या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण की हो और स्वयं का रोजगार स्थापित करना चाहते हों। इच्छुक अभ्यर्थी निवेश मित्र पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत विनिर्माण क्षेत्र में 25 लाख रुपये तक तथा सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक की परियोजनाओं के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। लाभार्थियों को नियमानुसार 5 से 10 प्रतिशत तक स्वयं का अंशदान करना होगा। इसके साथ ही परियोजना लागत पर 25 प्रतिशत तक अनुदान भी दिया जाएगा, जो दो वर्षों तक इकाई के सफल संचालन और नियमित ऋण अदायगी के बाद परियोजना में समायोजित कर दिया जाएगा। आवेदन के समय अभ्यर्थियों को आयु प्रमाण पत्र, हाईस्कूल अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र, फोटो, हस्ताक्षर, जाति प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, बिजली बिल, ग्राम प्रधान, सभासद या नगर निकाय द्वारा जारी निवास संबंधी प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा नोटरी द्वारा प्रमाणित शपथ पत्र की प्रति ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एमएसएमई विभाग के पोर्टल अथवा कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस में प्राप्त की जा सकती है। ————————————— – बिछड़े दंपति फिर साथ रहने को हुए राजी – परिवार परामर्श केन्द्र में काउंसलिंग से सुलझा पारिवारिक विवाद एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के अंतर्गत साथ-साथ कार्यक्रम के तहत परिवार परामर्श केंद्र द्वारा एक परिवार को टूटने से बचाते हुए दंपति के बीच सफल सुलह-समझौता कराया गया।
परिवारों को जोड़ने और वैवाहिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत मंगलवार को परिवार परामर्श केंद्र में एक प्रकरण की सुनवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक संगीता सिंह एवं महिला आरक्षी अनीता मिश्रा ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आपसी संवाद स्थापित कराया। काउंसलिंग के दौरान दंपति ने अपने वैचारिक मतभेद और मनमुटाव को भुलाकर पुनः एक साथ रहने की सहमति जताई। दोनों ने भविष्य में आपसी समझ और सहयोग से वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महिला आरक्षी यशस्वी शर्मा भी मौजूद रहीं। परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल को परिजनों ने सराहा और इसे टूटते परिवारों को जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया। पुलिस विभाग द्वारा संचालित साथ-साथ कार्यक्रम लगातार पारिवारिक विवादों के समाधान और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ————————————— राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु 31 तक आवेदन करें हस्तशिल्पी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के हस्तशिल्पियों के लिए राज्य स्तर पर सम्मान पाने का सुनहरा अवसर आया है। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विशिष्ट हस्तशिल्प प्रादेशिक पुरस्कार योजना के तहत पात्र हस्तशिल्पियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिल्पियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि आयुक्त एवं निदेशक उद्योग तथा उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश, कानपुर द्वारा संचालित इस योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक हस्तशिल्पी अपना आवेदन ऑनलाइन पोर्टल पर कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित जानकारी एवं सहायता जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र से प्राप्त की जा सकती है। योजना के तहत प्रदेश में प्रतिवर्ष 20 राज्य हस्तशिल्प पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक चयनित हस्तशिल्पी को 35 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा 20 दक्षता हस्तशिल्प पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनके लिए चयनित शिल्पियों को 20 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के पास हस्तशिल्प पहचान पत्र होना अनिवार्य है। साथ ही उसकी आयु 25 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। संबंधित हस्तशिल्प क्षेत्र में कम से कम पांच वर्ष का अनुभव भी आवश्यक है। आवेदन के साथ तैयार की गई कलाकृति के उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी उपलब्ध करानी होगी। ———————————— प्लम्बरिंग व ब्यूटीशियन ट्रेड में मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान करने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय के निर्देशानुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अन्य पिछड़ा वर्ग प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुरुष अभ्यर्थियों के लिए प्लम्बरिंग ट्रेड तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए ब्यूटीशियन ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि कुल चार माह होगी, जिसमें एक माह का सैद्धांतिक तथा तीन माह का व्यवहारिक प्रशिक्षण शामिल रहेगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को 5000 रुपये मानदेय भी प्रदान किया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित होना, आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होना तथा न्यूनतम आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून तक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को फोटो, हस्ताक्षर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, आयु प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र आबूनगर कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कर योजना का लाभ उठाने और कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करने की अपील की है। ————————————— बाइक की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलियाबाद के समीप खेत में जा रही 60 वर्षीय महिला को विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार अलियाबाद गांव निवासी ज्ञान बहादुर सिंह की पत्नी गिरजा देवी अपने खेत जा रही थी। जब वह गांव के समीप सड़क पार करने लगी तभी विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दिया। गंभीर हालत में उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकीय उपचार के बाद परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ———————————– – हमलावरों ने महिला समेत पुत्री को पीटा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सनगांव में अपने मायके आई 35 वर्षीय महिला को गांव के ही कुछ लोगों ने लाठी-डण्डा व धारदार हथियार मारकर घायल कर दिया। बीच बचाव करने पहुंची पुत्री व पिता को भी हमलावरों ने पीट दिया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव निवासी मो0 खुशनूर की पत्नी रूखसाना तीन दिन पूर्व अपने मायके सनगांव आई थी। आज दोपहर लगभग तीन बजे गांव के ही एक दर्जन से अधिक लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डण्डा व धारदार हथियार मारकर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता कल्लू व घायल की पुत्री अलशिफा को भी हमलावरों ने पीट दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पिता कल्लू ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी पुत्री को सईद का पुत्र भगा ले गया था। इसी खुन्नस को लेकर आज उस पर परिवार वालों ने हमला किया है। पिता ने बताया कि सईद, जीशान, रेशमा, कनीज फातिमा, रफीक, टिल्ली, साजिया सहित एक दर्जन लोगों ने खुन्नस को लेकर उन पर जानलेवा हमला किया है।