पति की पिटाई से आहत मां ने दो मासूमों संग खाया जहर, एक बेटे की मौत

  पति की पिटाई से आहत मां ने दो मासूमों संग खाया जहर, एक बेटे की मौत
– घरेलू कलह ने उजाड़ा परिवार, मां व एक वर्षीय पुत्र जिंदगी-मौत से जूझ रहे; कानपुर हैलट रेफर
फोटो परिचय-  फोटो इंटरनेट।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के घौरहा गांव में मंगलवार सुबह घरेलू विवाद के बाद एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद आहत महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। इस दर्दनाक घटना में चार वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि मां और एक वर्षीय पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए कानपुर हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार घौरहा गांव निवासी रज्जन का मंगलवार सुबह अपनी पत्नी राजरानी (30 वर्ष) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पति द्वारा पत्नी की पिटाई किए जाने की बात सामने आई है। इससे मानसिक रूप से आहत राजरानी ने गुस्से और आवेश में अपने दोनों मासूम बेटों सौरभ (4 वर्ष) और छोटू (1 वर्ष) के साथ जहरीला पदार्थ निगल लिया। कुछ ही देर बाद तीनों की हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें बिंदकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सरकारी एंबुलेंस से तीनों को सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने एक वर्षीय मासूम छोटू को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजरानी और दूसरे बच्चे की हालत लगातार नाजुक बनी रहने पर चिकित्सकों ने दोनों को कानपुर के हैलट अस्पताल भेज दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर गांव में फैलते ही मातम छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि मामूली घरेलू विवाद ने एक परिवार को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *