मुनीम से मारपीट का आरोप,ईंट-भट्ठे में लूट का मुकदमा दर्ज

    कोर्ट के आदेश पर ईंट-भट्ठे में लूट का मुकदमा दर्ज
मुनीम से मारपीट का आरोप, 80 हजार रुपये व जरूरी दस्तावेज लूटने की शिकायत

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जहानाबाद थाना क्षेत्र के नसेनिया गांव स्थित एआरएस ईंट-भट्ठे पर कथित तौर पर असलहों से लैस होकर पहुंचे लोगों द्वारा लूटपाट, मारपीट और धमकी देने के मामले में आखिरकार न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। भट्ठा संचालक अवधेश कुमार मिश्रा की शिकायत पर पुलिस ने प्रतीक मालवीय, प्रमोद कुमार, राजा यादव, विवेक सिंह समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक दो अगस्त को दो चार पहिया वाहनों से कई लोग कथित रूप से असलहों से लैस होकर नसेनिया स्थित ईंट-भट्ठे पर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने मुनीम धर्मेंद्र यादव के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने भट्ठा मालिक को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि हथियारों के बल पर दबाव बनाते हुए आरोपियों ने भट्ठे से 80 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। इस दौरान मुनीम समेत मौके पर मौजूद अन्य लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। अचानक हुए घटनाक्रम से भट्ठे पर अफरा-तफरी मच गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के तत्काल बाद पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक स्तर तक शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज न होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब न्यायालय के आदेश के बाद जहानाबाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मुकदमे में लगाए गए आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों, घटनास्थल की जांच और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *