सीमांचल एक्सप्रेस की खिड़की से गिरा मासूम, मिला शव मचा कोहराम

     सीमांचल एक्सप्रेस की खिड़की से गिरा मासूम, मिला शव
बिहार से दिल्ली जा रहा था परिवार, मचा कोहराम
फोटो परिचय- ट्रेन से गिरे मासूम की फाइल फोटो।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सीमांचल एक्सप्रेस की इमरजेंसी खिड़की से गिरा नौ माह का मासूम कनिष्क शनिवार देर रात फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक किनारे मृत मिला। मासूम के लापता होने की सूचना के बाद जीआरपी, आरपीएफ व स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कानपुर से प्रयागराज के बीच रात भर सर्च अभियान चलाया। फैजुल्लापुर के पास शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।

बिहार प्रांत के बेगूसराय निवासी मोहन कुमार अपनी पत्नी काजल व नौ माह के बेटे कनिष्क के साथ शुक्रवार को दिल्ली से बिहार जा रहे थे। कानपुर से ट्रेन रवाना होने के बाद काजल बच्चे को लेकर सीट पर सो गईं। करीब 4.17 बजे मोहन वापस लौटे तो बच्चा सीट से गायब था। सामने की इमरजेंसी खिड़की खुली मिलने पर परिजनों ने आशंका जताई कि नींद के दौरान बच्चा खिसककर खिड़की से बाहर गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रेन के संभावित मार्ग पर तलाश शुरू कराई। शनिवार देर रात फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक किनारे मासूम का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *