नागरिकों का प्रदर्शन, बिजली-पानी व सड़क समस्या को लेकर लगाया जाम
नागरिकों का प्रदर्शन, बिजली-पानी व सड़क समस्या को लेकर लगाया जाम
चुर्खी रोड पर नागरिकों का प्रदर्शन, बिजली- पानी व सड़क समस्या को लेकर लगाया जाम
दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज उरई– शहर के चुर्खी रोड क्षेत्र में सोमवार को बिजली, पेयजल एवं जर्जर सड़क की समस्या से परेशान लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली की अनियमित आपूर्ति, पेयजल संकट तथा खराब सड़क की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने आरोप लगाया कि करीब चार वर्षों से सड़क निर्माण कार्य नहीं कराया गया, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली, पानी और सड़क संबंधी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं की लगातार उपेक्षा के कारण क्षेत्रवासियों में गहरा असंतोष है और अब वे अपनी मांगों को लेकर निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार हैं।