लापता बालिका की बरामदगी को लेकर एआईएमआईएम का प्रदर्शन

   धमकी प्रकरण में गिरफ्तारी और लापता बालिका की बरामदगी को लेकर एआईएमआईएम का प्रदर्शन

राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर उठाई न्याय की मांग, संगठन विस्तार की भी हुई घोषणा

 एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन फतेहपुर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला अध्यक्ष एडवोकेट मोहिउद्दीन फारूकी एवं युवा संगठन के युवा जिला अध्यक्ष क़ासिम सिद्दीकी के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर दो महत्वपूर्ण मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई।


ज्ञापन में युवा जिला अध्यक्ष क़ासिम सिद्दीकी को सर काटकर जान से मारने की धमकी देने वाले अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लोकतंत्र में सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय लोगों को धमकाना कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को कानून के शिकंजे में लाना आवश्यक है।इसके साथ ही जगदीश पासवान की लापता पुत्री की सकुशल बरामदगी एवं मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवार लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है, ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। महिला विंग की पदाधिकारियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए न्याय की मांग को समर्थन दिया।कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार की घोषणा करते हुए इलियास अहमद को जिला उपाध्यक्ष, रफाक़त हुसैन को हथगाम नगर अध्यक्ष तथा सलीम भाई को ऐरायां ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन नेतृत्व ने उन्हें जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष एडवोकेट मोहिउद्दीन फारूकी ने कहा कि एआईएमआईएम हमेशा से मजलूमों, पीड़ितों और वंचितों की आवाज़ बनकर खड़ी रही है। वहीं युवा जिला अध्यक्ष क़ासिम सिद्दीकी ने कहा कि अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ मजलिस की आवाज़ आगे भी पूरी मजबूती के साथ बुलंद होती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *