संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़े फरियादी, 129 शिकायतें पंजीकृत
संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़े फरियादी, 129 शिकायतें पंजीकृत
संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़े फरियादी, 129 शिकायतें पंजीकृत – पंद्रह मामलों का निस्तारण, बाकी शिकायतों पर समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश
फोटो परिचय- संपूर्ण समाधान दिवस में पीड़ितों की समस्याएं सुनते एडीएम न्यायिक। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शनिवार को तहसील सदर सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी 129 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने मौके पर ही 15 शिकायतों का निस्तारण कर दिया, जबकि शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, कृषि, माध्यमिक शिक्षा, सिंचाई, नलकूप, मनरेगा, उद्यान, चकबंदी, जिला पूर्ति, श्रम विभाग और बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। एडीएम (न्यायिक) सुनील कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को प्रार्थना पत्र सौंपे और समयसीमा के भीतर कार्रवाई कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व विभाग एवं विभिन्न जिला स्तरीय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।