छात्राओं की सुरक्षा में लापरवाही पर शिकंजा, स्कूली वाहनों की धड़ाधड़ चेकिंग
कई वाहनों के चालान, एक वाहन सीज; 19 सितंबर तक जारी रहेगा विशेष अभियान
संवाददाता दीपक धुरिया जालौन उरई — छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही को लेकर परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को ‘‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’’ के तहत जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों की अनदेखी करने वाले कई वाहनों के चालान काटे गए, जबकि एक वाहन को निरुद्ध कर दिया गया।
अभियान का नेतृत्व सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झांसी राजेश कुमार वर्मा ने किया। उनके साथ एआरटीओ प्रवर्तन जालौन राजेश कुमार और यात्रीकर/मालकर अधिकारी आनन्द राय कुरील ने विभिन्न मार्गों पर स्कूली वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज, सुरक्षा मानकों और संचालन व्यवस्था की जांच की।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि छात्राओं को विद्यालय तक लाने-ले जाने वाले वाहनों में प्रशिक्षित महिला परिचर या सहायक की मौजूदगी जरूरी है। इसी व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए 14 से 19 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का फोकस खास तौर पर छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मानकों पर है।

विद्यालय में भी चलाया जागरूकता अभियान
चेकिंग अभियान के साथ ही एसआर पब्लिक स्कूल, कालपी रोड उरई में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं के साथ वाहन चालकों और परिचालकों को यातायात नियमों तथा सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यशाला में विद्यालय प्रबंधक अशोक कुमार राठौर, प्रधानाचार्या समेत विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

