मकान निर्माण में बाधा बन रही विद्युत बल्ली, भटक रहा बुजुर्ग

   मकान निर्माण में बाधा बन रही विद्युत बल्ली, भटक रहा बुजुर्ग
– प्रधान पर मढ़े आरोप, डीएम से लेकर सीएम तक लगा चुका गुहार
फोटो परिचय-  डीएम को शिकायती पत्र देने जाते पीड़ित।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हसवा कस्बे के मोहल्ला मुतवल्लियाना निवासी बुजुर्ग मोहम्मद शब्बीर पुत्र स्व. बन्ने ने अपने नवनिर्मित मकान की शटरिंग व स्लैब का कार्य पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर विद्युत बल्ली हटवाने की मांग एक बार फिर की है। उन्होंने पड़ोस के कुछ लोगों के साथ-साथ ग्राम प्रधान पर विद्युत केबिल के लिए मकान की दीवार से सटाकर विद्युत खंभा लगाने व विरोध करने पर गाली-गलौज तथा जानमाल की धमकी देने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार उनका पुराना मकान जर्जर हालत में था, जो इस वर्ष बरसात के दौरान ध्वस्त हो गया। इसके बाद उन्होंने उसी स्थान पर नया मकान बनवाना शुरू किया। मकान का ढांचा तैयार हो चुका है और अब शटरिंग लगाकर स्लैब डालने का कार्य होना है, लेकिन दीवार के पास लगी विद्युत बल्ली व उससे खींचे गए केबिल के कारण निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। मोहम्मद शब्बीर का आरोप है कि विद्युत केबिल के लिए पहले भी उनकी नवनिर्मित दीवार के पास बल्ली लगाई गई थी, जिसे उन्होंने विद्युत विभाग के माध्यम से हटवा दिया था।

उनका कहना है कि इसके बावजूद दबंगई के बल पर बल्ली दोबारा लगा दी गई। वर्ष 2022 में भी इस मामले को लेकर हसवा पुलिस चौकी में समझौता हुआ था, जिसमें दीवार से करीब चार फुट दूर रास्ते के किनारे बल्ली लगाने की बात तय हुई थी, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 25 अक्टूबर को ग्राम प्रधान द्वारा भी मौके पर विद्युत खंभे लगवाने का प्रयास किया गया, जिसका उन्होंने विरोध किया। उन्होंने विद्युत विभाग के जेई से जानकारी की तो कथित तौर पर विभाग की ओर से पोल लगाने संबंधी किसी आदेश या स्वीकृति से इनकार किया। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर दीवार से सटी बल्ली हटवाई जाए तथा विद्युत पोल को रास्ते के किनारे दीवार से कम से कम चार फुट दूर स्थापित कराया जाए, ताकि मकान की शटरिंग व स्लैब का कार्य सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके। साथ ही उन्होंने पुलिस से भी संबंधित लोगों को कथित तौर पर धमकी और विवाद से रोकने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि विद्युत तारों में करंट होने के कारण निर्माण कार्य के दौरान किसी अप्रिय घटना की संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि उनके या परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए शिकायत में नामित लोगों को जिम्मेदार माना जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *