भाजपा जिला कार्य समिति की बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर जोर

   बूथ अध्यक्ष ही संगठन के सेनापति, कार्यकर्ता हमारे सैनिक: प्रकाश
भाजपा जिला कार्य समिति की बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर जोर
फोटो परिचय-  बैठक को संबोधित करते क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शहर के जेल रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में बुधवार को आयोजित जिला कार्य समिति की बैठक में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और आगामी प्रशिक्षण महाभियान को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह वर्ग प्रमुख व जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय विशेष रूप से मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि प्रकाश पाल ने अपने संबोधन में पार्टी की हालिया चुनावी सफलताओं का उल्लेख करते हुए पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी में मिली विजय पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति वंदन बिल का विरोध करने वाले दलों को जनता ने नकारना शुरू कर दिया है और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में भी इसका असर दिखाई देगा। उन्होंने संगठनात्मक ढांचे पर जोर देते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन के सेनापति होते हैं और समिति के सदस्य सैनिक की तरह कार्य करते हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत पार्टी की मजबूती की नींव रखते हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह ने प्रशिक्षण महाभियान को लेकर विस्तार से जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी जिला प्रशिक्षण वर्ग के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। वहीं जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय ने संगठनात्मक कार्यप्रणाली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने प्रस्तावना रखते हुए जिले के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों की प्रगति भी प्रस्तुत की, जिसका उपस्थित पदाधिकारियों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया। बैठक में विधायक कृष्णा पासवान, विकास गुप्ता, राजेंद्र पटेल, रणवेंद्र प्रताप सिंह, आदित्य पांडेय, मनोज शुक्ला, दिनेश बाजपेई, प्रमोद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *