बाढ़ पीड़ितों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, तत्काल राहत की मांग

    बाढ़ पीड़ितों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, तत्काल राहत की मांग
डीएम के नाम दिए पत्र में नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की उठाई आवाज
फोटो परिचय-डीएम को ज्ञापन देने जाते ग्रामीण।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। लगातार बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की चपेट में आए ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर पीड़ितों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही नुकसान का सर्वे कराकर पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बाढ़ के चलते सामियाना, चुरियानी, फलामऊ, मटुरुवा, मनीपुर, बड़नपुर, अमेया-सराय, ललौली, कसुम्भी, पासिनडेरा, गोपालपुर, खेसहन, लेखराजपुर, मानिखेड़ा, सरकी, मीरापुर, लक्ष्मीपुर, जायसरेश्वर, बुधरामऊ, झलावापुर, अन्दमऊ, बेरागढ़ी, छीतमपुर, आकापुर, करसिनपुर, मीसा, कोरी सादात, जहानपुर, हसवा, शंकरपुर, चकनियापुर और चकजमालालपुर सहित जिले के अन्य क्षेत्र प्रभावित है। घरों में रखा अनाज व राशन का सामान नष्ट हो गया है, जिससे ग्रामीणों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है। वहीं पशुपालकों के सामने पशुओं के लिए चारे और सुरक्षित स्थान की समस्या बनी हुई है। पीड़ितों ने मांग की कि लेखपाल व राजस्व टीम को मौके पर भेजकर 24 घंटे के भीतर बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराया जाए। बाढ़ के कारण बेघर हुए लोगों के लिए तत्काल रहने और भोजन की व्यवस्था कराई जाए। इसके अलावा पक्के और कच्चे मकानों को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा सीधे पीड़ितों के बैंक खातों में भेजा जाए। कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल सरकारी सहायता नहीं मिली तो उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कराने की मांग की। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *