जल संरक्षण से लेकर सीपीआर तक बच्चों को मिला जीवनरक्षक प्रशिक्षण

     विद्यालयों में चला मेगा जागरूकता अभियान
जल संरक्षण से लेकर सीपीआर तक बच्चों को मिला जीवनरक्षक प्रशिक्षण
फोटो परिचय-  पंपलेट वितरित कर जागरूकता अभियान चलाते रेडक्रास चेयरमैन।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शहर के आबूनगर स्थित विद्यालयों में एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें छात्रों को जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपदा से बचाव के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए।
इंडियन रेडक्रास सोसाइटी, आरोग्य भारती और द होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान व डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में चेयरमैन व कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह अभियान मां रामश्री उदयभान सिंह इंटर कॉलेज आबूनगर और श्री डीपी सिंह पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के महत्व को समझाते हुए वॉटर बेल के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने आरओ से निकलने वाले व्यर्थ पानी को संग्रहित कर उपयोग में लाने और सड़कों पर पानी व्यर्थ न बहाने की अपील की। साथ ही शिक्षकों को जागरूकता पत्रक वितरित कर इसे अभिभावकों तक व्हाट्सएप के माध्यम से पहुंचाने का आग्रह किया। पर्यावरण संरक्षण के तहत बच्चों को पॉलिथीन हटाओ, इकोब्रिक्स बनाओ अभियान की जानकारी दी गई, जिससे प्लास्टिक कचरे को उपयोगी रूप में बदलकर प्रदूषण को रोका जा सके। स्वास्थ्य सुरक्षा के क्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें बताया गया कि एक वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को 30 बार छाती पर दबाव और 2 बार सांस देकर, तथा शिशु को 15 बार दबाव व 2 बार सांस देकर प्राथमिक उपचार के जरिए जान बचाई जा सकती है। इसके साथ ही नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में 325 बच्चों को चिकनपॉक्स से बचाव व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु होमियोपैथिक औषधि वितरित की गई। साथ ही हीटवेव से बचाव के लिए सिर ढककर रखने और अधिक तरल पदार्थों के सेवन की सलाह दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक ध्यान सिंह, प्रधानाचार्य केशभान सिंह, शिक्षक ज्ञान सिंह, संदीप कुमार, माया द्विवेदी, सुमन यादव तथा प्रमुख सहयोगी व आजीवन सदस्य प्रेमचंद्र मौर्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *