बार-बार रोकने पर भी नहीं माना, नवीन परती पर करा रहा था मकान का निर्माण
बार-बार रोकने पर भी नहीं माना, नवीन परती पर करा रहा था मकान का निर्माण
सरकारी जमीन पर कब्जे की जिद, आरोपी पर मुकदमा दर्ज
– बार-बार रोकने पर भी नहीं माना, नवीन परती पर करा रहा था मकान का निर्माण
फोटो परिचय- सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का दृश्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बावजूद सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भू-माफियाओं व दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि प्रशासन की बार-बार की कार्रवाई और चेतावनी भी बेअसर साबित हो रही है। ऐसा ही मामला बिंदकी तहसील क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में सामने आया है, जहां सरकारी भूमि पर अवैध रूप से मकान निर्माण कराने के आरोप में पुलिस ने कुंदन पुत्र मुन्नू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एफआईआर के मुताबिक गांव की गाटा संख्या 327, जिसका रकबा 0.2100 हेक्टेयर और गाटा संख्या 328, जिसका रकबा 0.3090 हेक्टेयर है, राजस्व अभिलेखों में नवीन परती यानी सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गांव निवासी कुंदन गाटा संख्या 327 की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान का निर्माण करा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर राजस्व व पुलिस टीम ने कई बार मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया और सरकारी भूमि पर निर्माण न कराने की सख्त हिदायत दी। इसके बावजूद आरोपी चोरी-छिपे निर्माण कार्य कराता रहा। शिकायतकर्ता हरीश कुमार सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह ने कई बार मना करने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने कुंदन के खिलाफ बीएनएस की धारा 324(5) और 329(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।