25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार,दर्ज हैं तस्करी के मुकदमे

  25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
– तीन थानों में दर्ज हैं तस्करी के मुकदमे
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। कल्यानपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तीन मुकदमों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी सुशील तिवारी उर्फ नगोई तिवारी निवासी सौह थाना कल्यानपुर है। पुलिस ने उसे कानपुर-सागर मार्ग पर कस्बापुर रेलवे ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी कल्यानपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर नंबर 233बी के रूप में दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा व चरस की तस्करी कर कल्यानपुर, मलवां, बिंदकी सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में एनडीपीएस, मारपीट, धमकी सहित कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार, उपनिरीक्षक अजीत सिंह और आरक्षी सुल्तान राय शामिल रहे।
———————————- ——

 राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस कर्मियों ने लगाई दौड़
– एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
फोटो परिचय- रन फार यूनिटी को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते एसपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151 वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर राष्ट्रीय एकता व अखंडता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सीओ सिटी एवं लाइन गौरव शर्मा, सीओ यातायात बृजमोहन राय, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य सरदार पटेल के राष्ट्र की एकता व अखंडता के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए आमजन में राष्ट्रीय एकता, आपसी सौहार्द व भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा। पुलिस कर्मियों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
———————————- —–
 सर्पदंश से किशोरी की एक सप्ताह बाद मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विगत आठ दिन पूर्व खेत में काम कर रही 13 वर्षीय किशोरी को जहरीले सर्प ने डस लिया, जिसकी इलाज के दौरान शुक्रवार की शाम मेडिकल कालेज में मौत हो गई।
बताते चलें कि गाजीपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव निवासी राजेन्द्र प्रसाद की पुत्री राखी देवी तेईस अक्टूबर को खेत में काम कर रही थी, इसी दौरान जहरीले सर्प ने उसे डस लिया था। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल आए। जहां से उसे मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया था। जिसकी एक सप्ताह बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के चाचा संतोष ने दी है।
————————————— —–
सड़क हादसे में घायल वृद्ध की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विगत तीन दिन पूर्व नलकूप से घर वापस आ रहे 62 वर्षीय वृद्ध को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया था, जिसकी शुक्रवार को कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
बताते चलें कि गाजीपुर थाना क्षेत्र के खनसेनपुर गांव निवासी स्व0 शिवभजन का पुत्र भगवत प्रसाद 29 अक्टूबर को नलकूप से घर वापस आ रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया था। गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया, जहां एक दिन उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया, जिसकी रास्ते में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
——————————– ——-
   ई-रिक्शा पलटने से वृद्ध महिला घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास के समीप शनिवार की सुबह अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पलट जाने से 60 वर्षीय वृद्ध महिला घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी सोमदत्त की पत्नी फूलदुलारी ई-रिक्शा में बैठकर शहर आ रही थी, बताते हैं कि जैसे ही वह लखनऊ बाईपास के समीप पहुंची तभी अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पलट जाने से घायल हो गई। एंबुलेंस ने घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *