एचटी लाइन बनी किसानों की दुश्मन, धान की फसल में लगी आग,अन्य लघु ख़बरों के साथ,,,

    एचटी लाइन बनी किसानों की दुश्मन, धान की फसल में लगी आग
– भैरव खुर्द में तार टूटकर गिरने से हादसा, पहले भी झुलस चुका किसान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। जर्जर विद्युत तार किसानों की मेहनत पर भारी पड़ रहे हैं। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के भैरव खुर्द गांव में ग्यारह हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से धान की खड़ी फसल में आग लग गई। घटना से किसानों की मेहनत पर पानी फिरने का खतरा पैदा हो गया है। आए दिन तार टूटकर गिरने की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है और बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक गांव में जर्जर 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन लंबे समय से खतरे का सबब बनी हुई है। तार टूटकर गिरने से खेतों में खड़ी फसलों में आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान का डर सताता रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी 11 हजार वोल्ट का तार गिरने से एक किसान गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसका कई महीनों तक इलाज चला। इसके बावजूद विद्युत लाइन की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर तारों को बदलवाने व समस्या के समाधान के लिए बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। खेतों में तैयार हो रही धान की फसल पर लगातार मंडरा रहे खतरे से किसान चिंतित हैं। उनका कहना है कि समय रहते विद्युत लाइन दुरुस्त नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। बार-बार शिकायतों के बावजूद जर्जर तारों की समस्या बनी रहना विभागीय जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करता है। किसानों की खून-पसीने की कमाई से तैयार हो रही फसल की सुरक्षा कौन करेगा? ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर 11 हजार वोल्ट की लाइन की तत्काल मरम्मत कराई जाए और जरूरत के अनुसार पुराने तार बदले जाएं, ताकि भविष्य में फसल जलने और जानलेवा हादसों की आशंका को रोका जा सके। इस संबंध में विद्युत विभाग के एक्सईएन महावीर सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, उन्होंने कहा कि बिजली कर्मियों को मौके पर भेजकर तार की मरम्मत कराई जाएगी।
——————————————- 
   कच्ची दीवार ढहने से नानी की मौत, नातिन घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज मलवां, फतेहपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम शीतलपुर में रविवार की दोपहर कच्ची दीवार अचानक ढह जाने से नानी-नातिन दब गए। जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कालेज ले जा रहे थे, तभी रास्ते में नानी की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार शीतलपुर गांव निवासी स्व0 शिवकुमार की पत्नी यशोदा देवी 62 वर्ष अपनी 18 वर्षीय नातिन संजना पत्नी धर्मपाल के साथ कमरे में बैठी थी। तभी लगभग ढाई बजे कच्ची दीवार अचानक ढह गई। जिससे नानी-नातिन दब गए। शोर-शराबा सुनकर आस-पास के लोगों ने मलबा हटाया और उपचार के लिए मेडिकल कालेज ले जाने लगे, तभी रास्ते में यशोदा ने दम तोड़ दिया। नातिन को मेडिकल कालेज में उपचार के बाद घर वापस भेज दिया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
—————————————— 
महिला ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिका का डेरा में शनिवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 19 वर्षीय महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार कलिका का डेरा गांव निवासी राकेश की पत्नी रजनी देवी ने शनिवार की शाम संदिग्ध अवस्था में घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के चाचा त्रिभवन निवासी अहमदगंज तिहार थाना किशनपुर ने बताया कि पति उसको को मारता-पीटता था। जिसके चलते भतीजी ने आत्महत्या कर ली।
—————————————— 
   युवक ने जहरीला पदार्थ खाया, मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के ग्राम आलमपुर में शनिवार की देर शाम मानसिक तनाव के चलते 35 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार आलमपुर निवासी रामभजन का पुत्र रामशंकर ने मानसिक तनाव के कारण जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
—————————————— 
दुकानदार पर जानलेवा हमला, दी तहरीर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के अंदौली पुलिया के समीप दुकान बंद कर रविवार की दोपहर घर जा रहे 28 वर्षीय दुकानदार पर तीन लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार अंदौली गांव निवासी स्व0 मो0 शमीम का पुत्र वसीम की अंदौली चौराहे पर एल्यूमीनियम की दुकान है। बताते हैं कि दोपहर वह खाना खाने जा रहा था इसी बीच मुहल्ले के ही मो0 तनवीर व उसके दो अन्य साथियों ने उस पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। किसी तरह वह अपने आपको बचाकर घर भागा तभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल के परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *