मन रूपी चाबी भगवान की ओर घूम जाए तो मिलती मुक्ति: आचार्य
मन रूपी चाबी भगवान की ओर घूम जाए तो मिलती मुक्ति: आचार्य
मन रूपी चाबी भगवान की ओर घूम जाए तो मिलती मुक्ति: आचार्य
– कपिल-देवहूति संवाद में सांख्य योग का किया वर्णन
फोटो परिचय- कथा में प्रवचन करते आचार्य पं. यदुनाथ अवस्थी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विकास खंड खजुहा के नरैचा गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस श्रद्धा व भक्ति का माहौल रहा। कथा व्यास आचार्य पंडित यदुनाथ अवस्थी भार्गव ने भगवान कपिल के जन्म, देवहूति-कपिल संवाद और सांख्य योग का विस्तार से वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने महाराज मनु के वंश और माता देवहूति के महर्षि कर्दम से विवाह का प्रसंग सुनाते हुए भगवान कपिल के अवतरण की कथा सुनाई।
आचार्य ने कहा कि मन एक ऐसी चाबी है, जो यदि संसार की ओर घूम जाए तो मनुष्य माया-मोह में फंसकर दुखों का भागी बन जाता है, लेकिन यही मन रूपी चाबी यदि भगवान की ओर मुड़ जाए तो मनुष्य को मुक्ति का मार्ग प्राप्त हो जाता है। इसलिए मनुष्य को अपने मन को सांसारिक मोह-माया से हटाकर प्रभु की भक्ति में लगाना चाहिए। कथा के दौरान उन्होंने शिव कथा, ध्रुव चरित्र और जड़ भरत के प्रसंगों का भी भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। कथा में नरैचा, खजुहा, हुसेपुर, अर्गल, देवरी व सहिमलपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। परीक्षित उमेशचंद्र तिवारी, हरिनारायण गुड्डू, राजन बाजपेई और अमरेंद्र सिंह ने कथा की व्यवस्थाएं संभालीं। वहीं आचार्य योगेंद्र मिश्रा एवं कुलदीप द्विवेदी ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया।