गरीबों को भी मिलेगी मुफ्त कानूनी सहायता, पैतृक संपत्ति में बेटियों का अधिकार

 गरीबों को भी मिलेगी मुफ्त कानूनी सहायता, पैतृक संपत्ति में बेटियों का अधिकार
– बड़नपुर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, दी गई जानकारी
फोटो परिचय- शिविर में सचिव को प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत करते लोग।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से गुरुवार को ग्राम पंचायत बड़नपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। पैरा लीगल वालंटियर मालती देवी के नेतृत्व में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायिक अधिकारी पलाश गांगुली ने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था के बारे में बताया।
कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक सिंह ने मुख्य अतिथि पलाश गांगुली का बैज लगाकर स्वागत किया तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। शिविर का संचालन पैरा लीगल वालंटियर मालती देवी ने किया। ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और जरूरतमंद लोगों को मिलने वाली कानूनी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। मुख्य अतिथि पलाश गांगुली ने कहा कि गरीब, असहाय व जरूरतमंद व्यक्तियों को भी न्याय पाने का पूरा अधिकार है। ऐसे लोगों को आर्थिक स्थिति के कारण न्याय से वंचित न होना पड़े, इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करता है। उन्होंने पैतृक संपत्ति में बेटियों के बराबरी के अधिकार के संबंध में भी जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों की कानूनी समस्याओं और जिज्ञासाओं को सुनकर उनके सवालों के जवाब दिए। इसके बाद चंद्रदेव मौर्य इंटर कॉलेज बड़नपुर में भी विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यहां मुख्य अतिथि पलाश गांगुली ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान, कानून, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही संविधान में बताए गए कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक विद्यालय बड़नपुर के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर ग्रामीणों, विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *