सुमेरपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई,मिल पर छापा मार 3468 लीटर सरसों का तेल किया सीज

  सुमेरपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, तेल मिल पर छापा मार 3468 लीटर सरसों का तेल किया सीज, संचालकों में मचा हड़कंप

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ हमीरपुर। सुमेरपुर कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार शाम मिलावटखोरी के संदेह में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तेल मिल पर छापेमारी की। दूध डेयरी मार्ग स्थित तेल मिल से टीम ने 3468 लीटर सरसों का तेल बरामद कर सीज कर दिया। तेल का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

कार्रवाई के बाद कस्बे के तेल मिल संचालकों में खलबली मच गई। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब पांच बजे सहायक खाद्य आयुक्त डॉ. गौरीशंकर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम दूध डेयरी मार्ग स्थित सतीश चंद्र गुप्ता की तेल मिल पहुंची। टीम के पहुंचते ही मिल में काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि कुछ लोग मौके से भागने लगे। इसके बाद अधिकारियों ने मिल के मुख्य गेट का ताला खुलवाकर अंदर जांच-पड़ताल की।

छापेमारी के दौरान मिल में रखे 17 ड्रम और 17 कैनों में भरा करीब 3468 लीटर सरसों का तेल मिला। विभागीय अधिकारियों ने तेल को तत्काल सीज कर दिया और उसका नमूना लेकर गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। साथ ही तेल की बिक्री पर भी रोक लगा दी गई। कार्रवाई के दौरान मुख्य सुरक्षा अधिकारी मनोज श्रीवास्तव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार सहित विभागीय टीम मौजूद रही। इस कार्रवाई के बाद कस्बे की अन्य तेल मिलों के संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *