जहरखुरानी के अंतर्राज्यीय गिरोह का मास्टरमाइंड इनामी अपराधी गिरफ्तार

  जहरखुरानी के अंतर्राज्यीय गिरोह का मास्टरमाइंड इनामी अपराधी गिरफ्तार
रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों को बनाता था निशाना
फोटो परिचय-  पुलिस टीम की गिरफ्त में इनामी अपराधी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों को जहरखुरानी का शिकार बनाकर उनके मोबाइल, एटीएम कार्ड, नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड और 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से जहरखुरानी कर चोरी किया गया एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल और 5 जून को दो अलग-अलग पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि रोडवेज बस यात्रा के दौरान अज्ञात लोगों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर या खिलाकर बेहोश कर दिया और उनके मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज चोरी कर लिए। इसके बाद आरोपियों ने चोरी किए गए एटीएम कार्ड और यूपीआई का दुरुपयोग कर पीड़ितों के खातों से क्रमशः 98500 रुपये और 1.44 लाख रुपये निकाल लिए। इन मामलों में साइबर क्राइम थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर क्राइम थाना और क्राइम डिटेक्शन टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह का खुलासा किया। पहले गिरोह के सक्रिय सदस्य हर्षित कुमार जोशी को 2 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इसके बाद रविवार को पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड एवं 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी दाताराम जोशी उर्फ जेंटर निवासी मिश्राना थाना पिहानी जनपद हरदोई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ दिल्ली और गाजियाबाद बस अड्डों से लंबी दूरी की बसों में सफर करने वाले अकेले यात्रियों को निशाना बनाता था। वह यात्रियों से दोस्ती कर उनके पास बैठ जाता और रात के समय मौका पाकर उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर या सुंघाकर बेहोश कर देता। इसके बाद उनके मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड, नकदी और अन्य सामान लेकर बस से उतर जाता था। चोरी का सामान उसके साथी हर्षित कुमार जोशी को दिया जाता था, जो बैंक ग्राहक बनकर कस्टमर केयर से संपर्क करता, ओटीपी के जरिए नया एटीएम पिन बनवाता और खातों से नकदी निकालने के साथ ही यूपीआई के माध्यम से भी रकम ट्रांसफर कर लेता था। आरोपी ने पूरे अपराध को सुनियोजित तरीके से अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जहरखुरानी कर चोरी किया गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी पर हरदोई और लखीमपुर खीरी समेत विभिन्न जनपदों में हत्या, डकैती, लूट, जहरखुरानी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में साइबर क्राइम थाने के प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद कमर खान, उपनिरीक्षक रणधीर सिंह, मुख्य आरक्षी अखिलेश उपाध्याय, सुमेश कुमार, कांस्टेबल अभिषेक यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *