नाबालिग के हाथों में वाहन, सड़क पर हादसा! ई-रिक्शा पलटा, महिलाएं घायल
नाबालिग के हाथों में वाहन, सड़क पर हादसा! ई-रिक्शा पलटा, महिलाएं घायल
नाबालिग के हाथों में वाहन, सड़क पर हादसा! ई-रिक्शा पलटा, महिलाएं घायल
दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज जालौन। नगर क्षेत्र में शनिवार को एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान के सामने पलट गया। हादसे के दौरान दुकान के बाहर खरीदारी कर रही कुछ महिलाएं ई-रिक्शा की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामान लादकर जा रहा ई-रिक्शा अचानक संतुलन खो बैठा और पलट गया। उस समय दुकान के बाहर कई लोग मौजूद थे। ई-रिक्शा के पलटते ही वहां मौजूद महिलाओं में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए ई-रिक्शा को सीधा कराया तथा घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ई-रिक्शा एक नाबालिग लड़का चला रहा था। इसको लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि नगर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।
घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। लोगों ने नाबालिगों के वाहन संचालन पर प्रभावी कार्रवाई किए जाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराए जाने की मांग की है।