सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़

  सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 116 शिकायतों में 34 का मौके पर निस्तारण

दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज — जालौन माधौगढ़ जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तहसील माधौगढ़ सभागार में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। फरियादियों को राहत प्रदान की गई। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए टीमों को मौके पर भेजा गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समयबद्ध न्याय मिले।

वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए शिकायतों की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में व्यक्तिगत रुचि लेने तथा मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि समाधान दिवस केवल शिकायतें प्राप्त करने का मंच नहीं, बल्कि समस्याओं के प्रभावी समाधान का माध्यम है।

कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद, उप जिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीडीओ प्रशांत पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *