मिशन 2027: दिल्ली में भाजपा का दो दिवसीय महामंथन आज से, पीएम मोदी और अमित शाह हो सकते हैं शामिल, पांच राज्यों के चुनाव पर बनेगी रणनीति

नई दिल्ली: आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शुक्रवार से नई दिल्ली में दो दिवसीय रणनीतिक बैठक शुरू करने जा रही है। 27 और 28 नवंबर को भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (पूसा) परिसर में होने वाली इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में हिस्सा ले सकते हैं।

बैठक में पार्टी के सभी 107 राष्ट्रीय पदाधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें राज्यों के प्रभारी, सह प्रभारी और संगठन से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक का उद्देश्य संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए रणनीति तैयार करना है।

पांच राज्यों के चुनाव पर रहेगा विशेष फोकस

भाजपा की इस बैठक में वर्ष 2027 में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर विशेष चर्चा होगी। इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर शामिल हैं। पार्टी इन राज्यों की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन करते हुए चुनावी तैयारियों का रोडमैप तैयार करेगी।

बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने और चुनाव प्रचार की रणनीति पर भी विचार-विमर्श होगा। इसके साथ ही केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और पार्टी संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा।

दो दिनों में होंगे पांच सत्र

बैठक के दौरान कुल पांच सत्र आयोजित किए जाने की योजना है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन उद्घाटन सत्र को संबोधित कर सकते हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 नवंबर को समापन सत्र में पदाधिकारियों को संबोधित करने की संभावना है। बैठक में पार्टी की भविष्य की राजनीतिक और संगठनात्मक प्राथमिकताओं पर भी चर्चा होगी।

नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के बीच यह दूसरी महत्वपूर्ण बैठक होगी। इससे पहले 22 अगस्त को प्रधानमंत्री ने भाजपा मुख्यालय में नई राष्ट्रीय टीम के साथ बैठक की थी।

एक दिसंबर से शुरू होगा सेवा दूत अभियान

भाजपा एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक देशव्यापी सेवा दूत अभियान भी शुरू करने जा रही है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।

इस अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे आम लोगों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी समझा जाएगा।

इस अभियान में उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित चुनावी राज्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। भाजपा की दो दिवसीय बैठक और सेवा दूत अभियान को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने की महत्वपूर्ण कवायद माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *