उडुपी: भारत में बिना वैध दस्तावेजों के रहने के मामले में जेल की सजा पूरी कर चुके 10 बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कर्नाटक पुलिस इन सभी को सुरक्षा व्यवस्था के बीच पश्चिम बंगाल के मालदा लेकर पहुंची है। यहां उन्हें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों को सौंपा जाएगा, जिसके बाद बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय और बेंगलुरु स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के निर्देश पर की जा रही है। इन सभी 10 लोगों को 11 अक्टूबर 2024 को कर्नाटक के उडुपी जिले में संदिग्ध गतिविधियों के चलते हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने उन्हें मालपे थाना क्षेत्र के वडाभांडेश्वर बस स्टैंड के पास से पकड़ा था।
जांच में नहीं मिले वैध दस्तावेज
पुलिस की जांच में सामने आया कि सभी 10 लोग बांग्लादेशी नागरिक हैं और उनके पास भारत में रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच पूरी होने पर अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।
दो साल की जेल और 10 हजार रुपये जुर्माना
स्थानीय अदालत ने 8 दिसंबर 2025 को सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए दो-दो साल की कैद की सजा सुनाई थी। इसके साथ ही प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। आरोपियों को पहले उडुपी जिला जेल में रखा गया और बाद में शिवमोग्गा केंद्रीय जेल स्थानांतरित कर दिया गया। सभी ने 10 अक्टूबर 2026 को अपनी सजा पूरी कर ली।
23 नवंबर को पुलिस टीम लेकर हुई रवाना
सजा पूरी होने के बाद निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की गई। उडुपी के पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर की निगरानी में मालपे सर्किल इंस्पेक्टर रामचंद्र नाइक के नेतृत्व में पुलिस टीम 23 नवंबर को इन सभी को लेकर रवाना हुई। पुलिसकर्मी ट्रेन के जरिए उन्हें बेंगलुरु से पश्चिम बंगाल के मालदा ले गए।
मालदा में बीएसएफ के कमांडेंट और नोडल अधिकारी को सौंपे जाने के बाद बांग्लादेश वापसी से संबंधित जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इस कार्रवाई में जिला विशेष शाखा के इंस्पेक्टर हरीश आर., एएसआई प्रदीप तथा जिला विदेशी नागरिक प्रभाग के अमर कुमार और मैत्री ने भी सहयोग किया।
