दिनदहाड़े मां-बेटी पर हमला, वीडियो वायरल होने के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन— जनपद जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र अंतर्गत मदनेपुर गांव में शनिवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव की गली में मां-बेटी पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मदनेपुर निवासी छोटी बिट्टी और उनकी पुत्री प्रमिला का गांव के ही दो सगे भाइयों दिलीप और अजीत से कार्य संबंधी विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों पक्ष एक ही गेस्ट हाउस में वेटर का कार्य करते हैं और कमाई को लेकर पूर्व से तनातनी बनी हुई थी। शनिवार को कहासुनी के दौरान मामला बढ़ गया और आरोपियों ने कथित रूप से घर पहुंचकर मां-बेटी पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों महिलाओं को गली में दौड़ाकर पीटा गया। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में एक युवक हाथ में लाठी लेकर महिलाओं की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है, जबकि पीड़िताएं बचाव करती नजर आ रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी अजय पाठक ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण की जांच जारी है। गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।