29 अगस्त तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, ट्रैफिक का मेगा प्लान लागू
29 अगस्त तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, ट्रैफिक का मेगा प्लान लागू
कांवड़ यात्रा के लिए ट्रैफिक का मेगा प्लान लागू
– 29 अगस्त तक भारी वाहनों की नो-एंट्री
गूगल से लिया गया चित्र एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सावन के पवित्र महीने में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। लाखों शिवभक्तों की सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने जिले में भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन योजना लागू कर दी है। प्रयागराज से वाराणसी जाने वाला मार्ग कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित किए जाने के कारण फतेहपुर होकर गुजरने वाले ट्रक, डंपर और अन्य भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी।
यातायात पुलिस द्वारा जारी योजना के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था चार चरणों में लागू रहेगी। पहला चरण 1 अगस्त की रात 11.55 बजे से 4 अगस्त रात 10 बजे तक, दूसरा 8 अगस्त की रात 11.55 बजे से 14 अगस्त रात 10 बजे तक, तीसरा 15 अगस्त की रात 11.55 बजे से 19 अगस्त रात 10 बजे तक तथा चौथा 22 अगस्त की रात 11.55 बजे से 29 अगस्त रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। इन अवधियों में प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। योजना के तहत कानपुर और फतेहपुर की ओर से वाराणसी जाने वाले सभी भारी एवं व्यावसायिक वाहन फतेहपुर, लालगंज, रायबरेली, सलोन, प्रतापगढ़ (भुपियामऊ), मछलीशहर, जौनपुर, मड़ियाहूं मार्ग से होकर वाराणसी जाएंगे और वापसी भी इसी रास्ते से करेंगे। वहीं रीवा, चित्रकूट और बांदा की ओर से प्रयागराज होकर कानपुर व लखनऊ जाने वाले वाहनों को चित्रकूट, बांदा, चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज, रायबरेली अथवा चित्रकूट, बांदा, तिंदवारी, बहुआ, कटका, कोराई मोड़, फतेहपुर, लालगंज, रायबरेली मार्ग से संचालित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि डायवर्जन अवधि में केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।