युवती ने पड़ोसियों पर छेड़छाड़ व मारपीट का मढ़ा आरोप
– एसपी से लगाई न्याय की गुहार एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जहानाबाद थाना क्षेत्र के बुढ़वा गांव की रहने वाली एक युवती ने पड़ोसियों पर छेड़छाड़, मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 29 जुलाई की रात करीब 11 बजे पड़ोसी युवक शराब के नशे में उसके घर के बाहर पहुंचा और अश्लील बातें करते हुए उसे अपनी गर्लफ्रेंड बताने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और गला पकड़कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि उसके पिता के मौके पर पहुंचने पर आरोपी ने उनके साथ भी अभद्रता की। शिकायत में कहा गया कि घटना की सूचना जहानाबाद थाने में दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों को समझौता करने की सलाह दी। पीड़िता का यह भी आरोप है कि अगले दिन सुबह पानी भरने के दौरान आरोपित पक्ष के अन्य लोगों ने भी उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, जातिसूचक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं तथा गांव से भगा देने की धमकी दी। आरोप है कि विरोध करने के बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।