अभयपुर-आशापुर से बिंदकी फार्म तक अफसरों ने परखी जमीनी हकीकत

    डीएम-एसपी बाढ़ के बीच ट्रैक्टर पर सवार होकर कटरी में उतरे
अभयपुर-आशापुर से बिंदकी फार्म तक अफसरों ने परखी जमीनी हकीकत
राहत शिविर में पीड़ितों से पूछा- कोई परेशानी तो नहीं
फोटो परिचय-टैªक्टर में सवार होकर बाढ क्षेत्र के जाते अफसर व ग्रामीणो से हालचाल लेते डीएम व एसपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गंगा में बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन ने अपनी निगरानी व सक्रियता बढ़ा दी है सोमवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अलावा विधायक राजेंद्र सिंह पटेल के साथ कटरी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखी।

अधिकारियों ने ट्रैक्टर पर सवार होकर अभयपुर-आशापुर समेत प्रभावित मजरों में पहुंचकर जलभराव, आवागमन व राहत-बचाव व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम-एसपी ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और पूछा कि राहत सामग्री व जरूरी सुविधाएं समय से मिल रही हैं या नहीं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बड़ाहार, सदनापुर व बिंदकी फार्म समेत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियों व जरूरतों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रभावित परिवारों तक समय से सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी बनाए रखने को कहा। इसके बाद डीएम व एसपी ने अभयपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को राहत शिविरों में साफ-सफाई, भोजन, पेयजल व अन्य जरूरी सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने औंग और मलवां थाना क्षेत्रों के कटरी गांवों में भी बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की टीम ने जलभराव वाले इलाकों में आवागमन की स्थिति पर भी नजर रखी। डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अभिमन्यु मांगलिक के ग्रामीणों के बीच पहुंचने से बाढ़ पीड़ितों में प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। निरीक्षण के दौरान विधायक राजेंद्र सिंह पटेल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *