मतदाता सूची में नाम छूटने पर मिलेगा मौका, 2318 बूथों पर हुआ आलेख्य प्रकाशन
मतदाता सूची में नाम छूटने पर मिलेगा मौका, 2318 बूथों पर हुआ आलेख्य प्रकाशन
मतदाता सूची में नाम छूटने पर मिलेगा मौका, 2318 बूथों पर हुआ आलेख्य प्रकाशन
– 18 नवंबर से बीएलओ बूथों पर पढ़कर सुनाएंगे मतदाता सूची – 21, 22, 28 व 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान
फोटो परिचय- बसपा जिलाध्यक्ष को मतदाता सूची सौंपती जिला निर्वाचन अधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर — आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी व त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया तेज कर दी है। मंगलवार को जिले के सभी 2318 बूथों पर निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, छूटी हुई प्रविष्टियों को शामिल कराने और विवरण में संशोधन कराने का रास्ता भी खुल गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्राम सभा से लेकर शहरी वार्ड तक कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी के साथ मतदेय स्थलों की सूची और आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए गए। बैठक में विशेष अभियान की तिथियां भी घोषित की गईं। इसके तहत 21, 22, 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि 18 नवंबर से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर आलेख्य मतदाता सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाएंगे।
इस दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं मिलता है अथवा विवरण में कोई त्रुटि पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान में सहयोग करने और मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने न पाए। बैठक के बाद ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 20 नवंबर से सभी तहसीलों में दो-दो काउंटर और जिला मुख्यालय पर एक प्रदर्शन केंद्र संचालित किया जाएगा। इन केंद्रों पर आम नागरिकों को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली व मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। यह व्यवस्था अधिसूचना जारी होने तक जारी रहेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पाण्डेय, उप जिलाधिकारी सदर, उप कृषि निदेशक, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।