परसिद्धपुर-ऐरई मार्ग बदहाल, कीचड़ व दलदल बनी पहचान
फोटो परिचय- (9) कीचड़ व दलदल भरे परसिद्धपुर-ऐरई मार्ग का दृश्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। परसिद्धपुर से ऐरई तक जाने वाली पक्की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क से गिट्टी व डामर का नामोनिशान तक मिट गया है। इन दिनों हो रही बारिश के चलते मार्ग पर जगह-जगह पानी, कीचड़ और दलदल हो गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग यमुना तटवर्ती गांव सेमरी, ऐरयी, तुलसीपुर, मखौवा, रानीपुर, दामपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए मुख्य आवागमन का रास्ता है। ग्रामीण इसी मार्ग से कौशाम्बी, राजापुर व चित्रकूट सहित अन्य स्थानों पर आते-जाते हैं। धाता ब्लॉक, बैंक, अस्पताल और बाजार पहुंचने के लिए भी यह सबसे सुगम मार्ग माना जाता है। सड़क की हालत खराब होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। ऐरई में राजकीय हाईस्कूल भी संचालित है। बारिश के दौरान सड़क पर बने गड्ढों और दलदल से होकर स्कूल पहुंचना विद्यार्थियों के लिए मुश्किल हो गया है। वहीं गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने वाली एम्बुलेंस को भी खराब सड़क के कारण अन्य मार्गों से घूमकर जाना पड़ रहा है। इससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने में परेशानी की आशंका बनी रहती है। परसिद्धपुर गांव में हर वर्ष लगभग एक माह बाद चौकी कार्यक्रम होता है जिसमें कॉम्पिटिशन के साथ सुन्दर सुन्दर झांकियां निकाली जाती है दूर दूर से लोग झांकियां देखने आते है। क्षेत्र के ज्ञान सिंह, रावेन्द्र सिंह, ननकान, नंदलाल, मिश्रीलाल, चंद्रभूषण मिश्र आदि ने जिला प्रशासन से सड़क का जल्द निर्माण कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग बन जाने से कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। अवर अभियंता रामलखन ने बताया कि सड़क अब रिपेयर लायक नहीं बची है। पूरी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। ————————————— महिला ने मारपीट व धमकी का मढ़ा आरोप – पुलिस से की कार्रवाई की मांग एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी महिला ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट करने तथा धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने थाना किशनपुर में शिकायती पत्र देकर घटना की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़िता सरोज मिश्रा के अनुसार घटना 14 सितंबर की शाम करीब तीन बजे की बताई गई है। महिला का आरोप है कि वह अपने घर पर थी, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और उसके सास-ससुर के साथ विवाद करने लगे। आरोप है कि प्रार्थिनी के आने-जाने को लेकर आपत्ति जताते हुए उसके साथ अभद्रता व गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर आरोपितों ने कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उसके साथ मारपीट करने के साथ ही उसके पति के साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ। महिला का कहना है कि घटना के बाद से वह और उसका परिवार भयभीत हैं। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों की ओर से दोबारा विवाद करने तथा नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि घटना के संबंध में पुलिस को सूचना देने के बावजूद पीड़िता अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर दहशत है। थानेदार मनीष सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। टीम भेजकर आरोपी धरे जाएंगे। —————————————- गढ़ीवा मझगवा में जलभराव से ग्रामीण परेशान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। विकास खण्ड विजयीपुर की ग्राम पंचायत गढीवा मझगवा में ग्रामीणों का चलना दूभर हो गया है। घरों के पास कीचड़ एवं बारिश का पानी भरा हुआ है। हालत यह है कि लोग बदबूदार पानी से परेशान है। गांव में ओम त्रिवेदी के दरवाजे से मोती केवट के दरवाजे तक जाने वाले मुख्य रास्ते पर घुटने भर पानी और कीचड़ भरा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि नाली की निकासी न होने और रास्ता कच्चा होने के कारण बरसात का पानी रास्ते पर ही जमा हो गया है। इसी रास्ते से रोज सैकड़ों लोगों, स्कूली बच्चों और महिलाओं का आना-जाना होता है। जलभराव के कारण लोगों को गिर कर चोटिल होना पड़ रहा है, वहीं गंदे पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था और रास्ते पर मिट्टी/खड़ंजा डलवाने की मांग की है। ग्राम प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि बजट के अभाव में सड़के नीचे हो गई है। जिससे जलभराव बना रहता है। ——————————————- इलाज के दौरान घायल दो युवकों की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विगत चार दिन पूर्व अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अर्न्तगत हुए सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। जिसमें एक ने इलाज के दौरान कानपुर में दम तोड़ दिया वहीं दूसरे की सदर अस्पताल में मौत हो गयी।
बताते चलें कि हथगाम कस्बा के वार्ड नं0 3 निवासी बाबूलाल का 19 वर्षीय पुत्र सुभाष 11 सितंबर को बाइक से सामान लेने जा रहा था। तभी अधारीपुर के समीप चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया था। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां देर रात उसकी मौत हो गयी। इसी तरह खागा कोतवाली के भोगलपुर गांव निवासी देवस्वरूप का पुत्र शैलेश पाल 11 सितम्बर की दोपहर बाइक से घर आ रहा था। तभी सदर कोतवाली क्षेत्र के नऊवाबाग के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया था। जिससे शैलेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां से उसे कानपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया था। जिसकी मंगलवार की सुबह इलाज दौरान मौत हो गयी। परिजन शव को लेकर जनपद आ आये व पुलिस को सूचना दे दी। जिस पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।