अवैध निर्माण हटवाने को डीएम से लगाई गुहार
फोटो परिचय-डीएम को शिकायती पत्र देने जाती पीड़िता। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सांखा गांव निवासी निशा देवी पत्नी प्रमोद कुमार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गाटा संख्या 1711 में विपक्षी द्वारा कराए गए कथित अवैध निर्माण को हटवाने की मांग की है।
निशा देवी का आरोप है कि चन्द्रपाल ने बिना भूमि का बंटवारा कराए जबरन बाउंड्रीवाल बनाकर गेट लगा दिया है, जिससे अन्य सहखातेदारों का रास्ता बंद हो गया है। आरोप है कि जेसीबी से खेत में खड़ी लाही की फसल नष्ट करने के साथ ही उनकी सास की समाधि भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। मामले में गाजीपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज है। राजस्व न्यायालय में वाद विचाराधीन है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से अवैध निर्माण हटवाकर रास्ता खुलवाने और सभी सहखातेदारों को खेती करने का अवसर दिलाने की मांग की है।