नशे में वाहन दौड़ाने वालों पर पुलिस का शिकंजा
15 के चालान, 1.15 लाख का जुर्माना
फोटो परिचय-वाहन चालको की जांच करते यातायात पुलिस।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए फतेहपुर पुलिस ने बीती रात ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय के कुशल पर्यवेक्षण में यातायात मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर सख्ती की।
अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाते पकड़े गए विभिन्न वाहन चालकों के खिलाफ 15 ई-चालान किए गए, जिन पर कुल 1.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट के भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए आठ ई-चालान किए गए और 45 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से रात में नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों और नियमों की अनदेखी करने वाले भारी वाहनों के चालकों में हड़कंप रहा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। फतेहपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
—————————————-

युवती से दुष्कर्म करने वाला चढा पुलिस के हत्थे
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे 19 वर्षीय आरोपी को हथगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को हथगांव पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार थाना हथगांव में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 117/2026, धारा 69, 351(3) व 352 बीएनएस से संबंधित आरोपी चन्दन पुत्र बद्री प्रसाद, निवासी ग्राम मनकापुर, थाना खखरेरु को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। सोमवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराध में संलिप्त आरोपियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक प्रियंका वर्मा, आरक्षी विक्की पटेल तथा महिला आरक्षी कोमल गुप्ता शामिल रहीं।
—————————————-
किसानों की समस्याओं पर लगेगी अफसरों की चौपाल
16 सितंबर को होगा किसान दिवस
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए 16 सितंबर को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा। उप कृषि निदेशक ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तर पर किसान दिवस आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में सितंबर माह का किसान दिवस 16 सितंबर को दोपहर 12 बजे से दो बजे तक विकास भवन सभागार में आयोजित होगा। किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विशेषज्ञ मौजूद रहकर किसानों की समस्याएं सुनेंगे। साथ ही किसानों को कृषि एवं संबंधित विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों द्वारा किसानों की ओर से प्रस्तुत समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में पिछले किसान दिवस की अनुपालन रिपोर्ट और प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों पर की गई कार्रवाई एवं उनके निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को संबंधित अनुपालन रिपोर्ट बैठक से तीन दिन पूर्व उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसान दिवस में संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है। किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी कृषि संबंधी समस्याओं और शिकायतों के साथ किसान दिवस में पहुंचकर अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखें, ताकि उनका समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जा सके।
—————————————


