28 हॉटस्पॉट पर पुलिस का पहरा, अपराधियों की खैर नहीं, एसपी ने कसी कमर

    28 हॉटस्पॉट पर पुलिस का पहरा, अपराधियों की खैर नहीं
– चोरी-छिनैती और लूट रोकने को एसपी ने कसी कमर
– एक सप्ताह में बनेंगी अस्थायी पुलिस चौकियां
फोटो परिचय-  अपराध समीक्षा गोष्ठी में भाग लेते एसपी व अन्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने अब संवेदनशील इलाकों में अपना पहरा और मजबूत करने की तैयारी कर ली है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अपराध समीक्षा गोष्ठी में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 28 नट डेरा/कंजर डेरा हॉटस्पॉट चिन्हित कर वहां एक सप्ताह के भीतर अस्थायी पुलिस चौकी अथवा चेक पोस्ट स्थापित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इन स्थानों पर दिन-रात नियमित पुलिस गश्त के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी निगाह रखी जाएगी।

रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसपी ने चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि चिन्हित हॉटस्पॉट पर पुलिस की सक्रियता ऐसी होनी चाहिए कि अपराध करने की फिराक में रहने वालों को पुलिस की मौजूदगी का एहसास लगातार बना रहे। एसपी ने निर्देश दिए कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में केवल चोरी और लूट की घटनाओं पर ही नजर न रखी जाए, बल्कि अवैध शराब और गांजे की बिक्री व तस्करी, जुआ तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को भी पूरी तरह रोकने के लिए विशेष निगरानी की जाए।

किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई करे। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक हॉटस्पॉट पर नियमित गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को भी मजबूत किया जाए। किसी भी कीमत पर लापरवाही न बरती जाए और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चिन्हित सभी 28 हॉटस्पॉट पर एक सप्ताह के अंदर अस्थायी पुलिस चौकी/चेक पोस्ट स्थापित की जाए। अपराध समीक्षा गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *