राग ब्रांड का सब्जी मसाला निकला असुरक्षित, 40 पैकेट सीज

 राग ब्रांड का सब्जी मसाला निकला असुरक्षित, 40 पैकेट सीज
– जांच में तय मानक से अधिक मिला जहरीला कीटनाशक
– बिक्री पर तत्काल रोक, लोगों से सेवन न करने की अपील


एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राग ब्रांड के सब्जी मसाले को असुरक्षित घोषित कर उसके 40 पैकेट सीज कर दिए। जांच में मसाले के नमूने में ट्रियाजोफोस नामक कीटनाशक की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक पाए जाने के बाद विभाग ने संबंधित बैच की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही आम लोगों से इस मसाले का सेवन नहीं करने की अपील की गई है।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन व जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में अभियान चलाया। मलवां इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जेडीएसएल फ्लोर मिल, आयुष्मान फ्लोर मिल और बीडीआरडी फ्लोर मिल का निरीक्षण किया गया। गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण एक आटा का नमूना जांच के लिए लिया गया। इसके अलावा गाजीपुर रोड स्थित साकेत नगर में संचालित आरएसजी फूड्स प्रोडक्ट्स का भी निरीक्षण किया गया। विभाग ने बताया कि इस इकाई से 8 जुलाई को राग ब्रांड सब्जी मसाला का नमूना लिया गया था। खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में मसाले में ट्रियाजोफोस की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिलने पर इसे असुरक्षित घोषित किया गया। रिपोर्ट के आधार पर मंगलवार को दोबारा निरीक्षण कर बैच नंबर-01 के 40 पैकेट सब्जी मसाला सीज कर दिए गए तथा उसी बैच के मसाले की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस बैच के राग ब्रांड सब्जी मसाले का उपयोग न करें। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि अभियान के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित इकाइयों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, दिनेश चंद्र, धीरज कुमार दीक्षित, अनुराधा कुशवाह एवं देवेश मिश्रा शामिल रहे।
—————————————- –

   प्राचीन शिवाला मंदिर का होगा कायाकल्प, ट्रस्ट गठित
– सत्संग भवन, भजन-कीर्तन स्थल, मुंडन संस्कार परिसर की सुविधाओं का होगा विस्तार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज हसवा, फतेहपुर। आस्था का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले प्राचीन श्री शिव मंदिर (शिवाला) के जीर्णाेद्धार एवं विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंदिर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री शिव मंदिर ट्रस्ट का गठन किया गया है।
ट्रस्ट में संतोष कक्कड़ को मुख्य ट्रस्टी, किशन मेहरोत्रा को उपमुख्य ट्रस्टी बनाया गया है। इसके अलावा राजेंद्र मेहरोत्रा, रूपकमल टंडन, सीमा कक्कड़, नीरज कक्कड़, नीतू कक्कड़, आर्यन कक्कड़, मनोज कुमार सेन केसरवानी और प्रदीप कुमार सेन केसरवानी को ट्रस्टी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ट्रस्ट के माध्यम से मंदिर परिसर का व्यापक जीर्णाेद्धार कराया जाएगा। योजना के तहत सत्संग भवन, भजन-कीर्तन स्थल, मुंडन संस्कार स्थल सहित अन्य धार्मिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकें। उपमुख्य ट्रस्टी किशन मेहरोत्रा ने बताया कि सितंबर माह से मंदिर के कायाकल्प का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा से मंदिर को नया स्वरूप देने की योजना बनाई गई है। इसके तहत पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य आवश्यक संसाधनों का भी विकास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हसवा का प्राचीन शिवाला मंदिर वर्षों से क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। मंदिर के विकास के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक आयोजनों का भी भव्य तरीके से संचालन किया जा सकेगा। मंदिर ट्रस्ट ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से इस पुनीत कार्य में सहयोग करने की भी अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *