हत्यारे को दस बीघा जमीन व पचास लाख का इनाम, पूर्व मंत्री को मारने की धमकी

    पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह को जान से मारने की धमकी
हत्यारे को दस बीघा जमीन व पचास लाख का इनाम
– फेसबुक पर पोस्ट से मचा सियासी हड़कंप, भाजपा मंडल प्रभारी ने पुलिस को दी तहरीर
फोटो परिचय- पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप उर्फ धुन्नी सिंह।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र की सियासत में सक्रिय भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट में कथित तौर पर पूर्व मंत्री की हत्या करने वाले को दस बीघा जमीन, फॉर्च्यूनर व पचास लाख रुपये का इनाम देने की बात कही गई है। पोस्ट सामने आने के बाद भाजपा खेमे में हलचल मच गई है। मामले को गंभीर बताते हुए भाजपा के हथगाम मंडल प्रभारी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

जिले की राजनीति में रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह का लंबे समय से प्रभाव माना जाता है। प्रदेश स्तर पर राजनीतिक पकड़ के चलते वह पिछली सरकार में राज्यमंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। फिलहाल वह विधानसभा का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं, लेकिन क्षेत्र की राजनीति में उनकी सक्रियता लगातार बनी हुई है। हथगाम नगर पंचायत के तेहीपारा वार्ड नंबर-9 निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेशी लाल साहू ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह को जान से मारने की धमकी से संबंधित पोस्ट फेसबुक पर सामने आई है। मंडल अध्यक्ष के मुताबिक यह पोस्ट धर्मवीर सिंह नाम की फेसबुक आईडी से सोशल मीडिया पर की गई है। शिकायतकर्ता ने पोस्ट को गंभीर बताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक पोस्ट में पूर्व मंत्री को खुलेआम जान से मारने की धमकी देने के साथ ही उनके खिलाफ अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गई हैं। भाजपा नेता का कहना है कि इस तरह की पोस्ट से पूर्व मंत्री की सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में पूर्व मंत्री की जान को खतरा बताते हुए उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। सोशल मीडिया पर धमकी का मामला सामने आने के बाद अब पुलिस की जांच पर नजर है। पोस्ट किसने और किस उद्देश्य से की, इसके पीछे किसी साजिश या अन्य कारण का हाथ है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *