पुण्यतिथि पर याद किए गए वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र प्रताप,अर्पित की श्रद्धांजलि

 पुण्यतिथि पर याद किए गए वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र प्रताप
तांबेश्वर मंदिर में हुआ भंडारा, अर्पित की श्रद्धांजलि
फोटो परिचय-  तांबेश्वर मंदिर में आयोजित भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र प्रताप सिंह चौहान की पुण्यतिथि पर शनिवार को तांबेश्वर मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि सभा एवं भंडारे का आयोजन किया गया। स्वजन, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों, पत्रकारों व गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व तथा सामाजिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का आयोजन जौहरी सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह एवं उनके सुपुत्र पत्रकार अवनीश सिंह के नेतृत्व में किया गया। श्रद्धांजलि देने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान परिसर में दिन भर चहल-पहल बनी रही। भाजपा के पूर्व सदर विधायक विक्रम सिंह भी तांबेश्वर मंदिर पहुंचे और स्वर्गीय सुरेंद्र प्रताप सिंह चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दिवंगत अधिवक्ता को नमन करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं योगदान को स्मरण किया और इसके बाद भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर वरिष्ठ अधिवक्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि सुरेंद्र प्रताप सिंह चौहान का सरल व्यवहार, सहज व्यक्तित्व व अधिवक्ता के रूप में किया गया योगदान उन्हें हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रखेगा। उनके सामाजिक सरोकार और लोगों के प्रति आत्मीय व्यवहार को भी लोगों ने याद किया। बताते चलें कि वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र प्रताप सिंह चौहान का 12 सितंबर 2023 को निधन हो गया था। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में स्वजन, परिचितों और शुभचिंतकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृतियों को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *