भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने 100 से अधिक बूथों का किया औचक निरीक्षण — 1624 मतदेय स्थलों पर चला विशेष अभियान दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई– अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के सभी 1624 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान संचालित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जनपद के 100 से अधिक बूथों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ की उपस्थिति, मतदाता सूची के प्रदर्शन, प्राप्त प्रपत्रों की प्रविष्टि तथा मूलभूत व्यवस्थाओं की स्थिति का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन से संबंधित दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में अंकित नहीं है तो वह प्रपत्र-6 के माध्यम से नया नाम जुड़वा सकता है। नाम विलोपन अथवा आपत्ति के लिए प्रपत्र-7 तथा प्रविष्टियों में संशोधन/स्थानांतरण हेतु प्रपत्र-8 का उपयोग किया जा सकता है। ये सभी प्रपत्र ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से तथा संबंधित बीएलओ के पास ऑफलाइन उपलब्ध हैं।
युवाओं से लोकतांत्रिक भागीदारी का आह्वान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि जो नागरिक 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं अथवा 01 अप्रैल, 01 जुलाई या 01 अक्टूबर 2026 की आगामी अर्हता तिथियों पर 18 वर्ष पूर्ण करने वाले हैं, वे अग्रिम दावा प्रस्तुत कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं और लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से जुड़ें।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।