एंटी करप्शन टीम के ट्रैप से मचा हड़कंप,मनरेगा ऑपरेटर गिरफ्तार

   हथगांव ब्लॉक में पचास हजार की रिश्वत लेते मनरेगा ऑपरेटर गिरफ्तार
– एंटी करप्शन टीम के ट्रैप से मचा हड़कंप, भुगतान के नाम पर वसूली का आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। हथगांव विकास खंड मुख्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रयागराज की एंटी करप्शन टीम ने मनरेगा के संविदा ऑपरेटर हाफिजुर रहमान को पचास हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई। घटना के बाद ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।


जानकारी के अनुसार एंटी करप्शन टीम शिकायत मिलने के बाद पहले से ही सिविल ड्रेस में ब्लॉक परिसर में मौजूद थी। आरोप है कि सुरजीपुर ग्राम पंचायत के प्रधान संतोष कुमार यादव से विकास कार्यों के भुगतान के एवज में 50 हजार की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। जैसे ही प्रधान ने ऑपरेटर को 50 हजार दिए और बाहर निकलकर टीम को पूर्व निर्धारित संकेत दिया, एंटी करप्शन टीम ने तत्काल दबिश देकर हाफिजुर रहमान को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद हुई, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया। ग्राम प्रधान संतोष कुमार यादव का आरोप है कि उनकी ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित था। भुगतान जारी कराने के नाम पर ऑपरेटर लगातार 50 हजार की रिश्वत मांग रहा था। इसके बाद उन्होंने दो दिन पहले एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के समय एडीओ पंचायत डॉ. अनुपम शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनभावन शास्त्री सहित कई कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। वहीं खंड विकास अधिकारी राहुल मिश्रा उस समय ब्लॉक मुख्यालय में नहीं थे। एंटी करप्शन टीम अब पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
————————————– —

पीडीए सेवा समिति से समाजसेवा को मिलेगी नई दिशा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के लिए काम कर रही पीडीए सेवा समिति का विधिवत पंजीकरण हो गया है। संस्था अब कानूनी रूप से मान्यता प्राप्त होकर क्षेत्र की सेवा करेगी।
समिति के अध्यक्ष आलोक पटेल ने बताया कि पंजीकरण के बाद अब समिति गांव-गांव जाकर गरीब बच्चों को शिक्षा, जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सहायता और युवाओं को रोजगार के लिए मार्गदर्शन देगी। समिति का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के सभी समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है। पंजीकरण होने से अब संस्था को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और दानदाताओं से सहयोग प्राप्त करने में आसानी होगी। इस अवसर पर समिति के सभी पदाधिकारियों ने जनता से सहयोग की अपील की। समिति अब सरकारी और गैर-सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचा सकेगी। समिति के मुख्य उद्देश्यों में गरीब और वंचित बच्चों को निःशुल्क कोचिंग, किताबें और छात्रवृत्ति दिलाना, गांव-गांव में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार और सरकारी नौकरी के लिए मार्गदर्शन, शोषित और पीड़ित लोगों को कानूनी सलाह और मदद, बिना किसी भेदभाव के समाज में भाईचारा और सद्भाव बढ़ाना शामिल है। समिति के अध्यक्ष आलोक पटेल ने कहा कि पीडीए का मतलब सिर्फ एक वर्ग नहीं है। पीडीए मतलब पीड़ित, दलित, आदिवासी और आम जनता है। हमारा लक्ष्य है कि समाज का कोई भी व्यक्ति मदद से वंचित न रहे। उन्होंने आगे कहा कि पंजीकरण के बाद अब समिति बड़े स्तर पर काम करेगी। दानदाताओं और समाजसेवियों से अपील है कि वे इस पुण्य कार्य में अधिक से अधिक लोग जुड़े और सहयोग करें। इस अवसर पर समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने संकल्प लिया कि तन-मन-धन से समाज सेवा करेंगे।

——————————————— 

 संदिग्ध अवस्था में महिला की मौत, हत्या का आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उमेदपुर टेनी में संदिग्ध परिस्थितियों में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गयी। मृतका के परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार उमेदपुर टेनी गांव निवासी गुलाब सिंह की पत्नी शकुन्तला देवी की सोमवार की शाम संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के रिश्तेदार आकाश व संजय सिंह ने बताया कि उसकी मौसी की मौत नहीं हुयी जबकि पति व उसके परिजनों ने हत्या की है। हालाकि घर वालो ने थाने में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
—————————————– —


फांसी लगा महिला ने की आत्महत्या
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के मिहुआपुर मजरे रायपुर भसरौल गांव में सोमवार को एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिहुवापुर निवासी धर्मबीर निषाद की शादी सरकंडी गांव निवासी रामा देवी (30) के साथ हुई थी। शादी के बाद महिला पति के साथ रहती थी। बीते कुछ दिनों पहले महिला का पति प्रदेश चला गया था। सोमवार को महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। बताया गया कि उनकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी। उनके परिवार में दो छोटी बेटियां हैं। पति धर्मबीर निषाद रोजी-रोटी के लिए परदेश में मजदूरी करता है। महिला का शव फांसी के फंदे पर मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर महिला के मौत का कारण जानने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *