अवैध साइलेंसर और हूटर के खिलाफ सख्त अभियान, कई वाहनों पर कार्रवाई

    अवैध साइलेंसर और हूटर के खिलाफ सख्त अभियान, कई वाहनों पर कार्रवाई
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई (जालौन) — जनपद में परिवहन विभाग ने मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रतिबंधित हॉर्न के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई झांसी संभाग के सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई।


अभियान के दौरान सुरेश कुमार (वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी), राजेश कुमार (सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी), विनय कुमार पाण्डेय (यात्रीकर/मालकर अधिकारी) और टीएसआई वीर बहादुर सिंह सहित टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों पर चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान खासतौर पर बुलेट और स्पोर्ट्स बाइक्स को निशाने पर लिया गया, जिनमें कंपनी मानकों के विपरीत ‘आफ्टर-मार्केट’ साइलेंसर लगे पाए गए। मोटर वाहन अधिनियम के तहत 4 वाहनों को चालान/निरुद्ध किया गया, जबकि कई अन्य वाहनों के भी चालान किए गए।


प्रवर्तन टीम ने मौके पर ही कई वाहनों से अवैध साइलेंसर उतरवाकर जब्त कर लिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के संशोधित साइलेंसर न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं।
इसके अलावा टीम ने स्थानीय रॉयल एनफील्ड एजेंसी, गैराज और ऑटो-पार्ट्स डीलरों के यहां भी औचक निरीक्षण किया। सभी को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि कोई भी वर्कशॉप अवैध साइलेंसर मॉडिफिकेशन में लिप्त पाई गई, तो उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
परिवहन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वाहन में केवल अधिकृत साइलेंसर का ही उपयोग करें और ध्वनि व वायु प्रदूषण मुक्त शहर बनाने में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *