स्काउट-गाइड प्रशिक्षण में विद्यार्थियों ने सीखे सेवा व नेतृत्व के गुर

    स्काउट-गाइड प्रशिक्षण में विद्यार्थियों ने सीखे सेवा व नेतृत्व के गुर
– तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड ने किया प्रतिभाग
फोटो परिचय-  स्काउट-गाइड प्रशिक्षण में भाग लेते विद्यार्थी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में तीन दिवसीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे स्काउट एवं गाइड ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता के गुर सीखे।

प्रशिक्षण प्रभारी निर्मल एवं शैलेंद्री के निर्देशन में प्रतिभागियों को स्काउट-गाइड के नियम, प्रतिज्ञा, इतिहास, प्रार्थना, झंडा गीत, गांठ बंधन, पेट्रोलिंग, मार्चपास्ट, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही ममोमा चार्ट के माध्यम से सांकेतिक भाषा की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर व्यवहारिक ज्ञान एवं अनुभव हासिल किया। शिविर में पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज, शुकदेव इंटर कॉलेज खागा तथा कंपोजिट विद्यालय पैनखुर्द के स्काउट-गाइड ने अपने स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन के साथ प्रतिभाग किया। आयोजकों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा-भावना के साथ हर परिस्थिति में तैयार रहने की क्षमता विकसित करना है। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और समाजसेवा की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान अनिल कुमार यादव, प्रतीक्षा द्विवेदी, पूजा गुप्ता सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्काउट-गाइड मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *