हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

   सनसनी: हाईवे किनारे बोरी में मिली महिला की लाश
हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
– एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गठित की टीमें
फोटो परिचय-  घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब हाईवे किनारे एक पीले रंग की बोरी में अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना सामने आई। स्कुरी गांव के पास सर्विस लेन पर मिले इस शव ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह राहगीरों की नजर हाईवे किनारे पड़ी एक संदिग्ध बोरी पर गई। बोरी से दुर्गंध आने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जब बोरी खोली गई तो उसके भीतर एक महिला का शव देखकर सभी के होश उड़ गए। मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। शव जिस अवस्था में मिला है, उससे हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के जनपदों सहित अन्य जिलों को भी सूचना भेजी गई है। साथ ही पुलिस की विशेष टीमें मृतका की पहचान और घटना के खुलासे के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े सभी संभावित साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। हाईवे और सर्विस लेन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इतना ही नहीं, कौशाम्बी की ओर स्थित टोल प्लाजा के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांच के दायरे में लाई गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को किस वाहन से लाया गया और किन लोगों की इसमें भूमिका हो सकती है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाण्डेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला की पहचान के लिए सोशल मीडिया, पुलिस नेटवर्क और अन्य माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतका को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *